उत्तर प्रदेश : मंच पर मौजूद अखिलेश के सामने सपा महासचिव ने जिलाध्यक्ष को दिखाया थप्पड़

Summary :

जनसभा में सपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन ने जिला अध्यक्ष जीतेंद्र वर्मा को तमाचा दिखा दिया। इतना ही नहीं मंच पर उस वक़्त अखिलेश यादव भी मौजूद थे।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आगरा की बाह विधानसभा सीट से प्रचार करने पहुंचे। इस दौरान मंच पर कुछ ऐसा हुआ जिसे देखकर हर कोई हैरान रहा गया। जनसभा में सपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन ने जिला अध्यक्ष जीतेंद्र वर्मा को तमाचा दिखा दिया। इतना ही नहीं मंच पर उस वक़्त अखिलेश यादव भी मौजूद थे।
दरअसल, सपा प्रमुख अखिलेश यादव रविवार को बाह विधानसभा क्षेत्र में सपा प्रत्याशी मधुसूदन शर्मा के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। सभा के मंच पर अखिलेश के साथ कई बड़े सपा नेता मौजूद थे। उनके पास में आगरा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा भी बैठे थे।   


पूर्व सांसद रामजीलाल सुमन सभा को संबोधित करते हुए कह रहे थे, मैं अखिलेश को पूर्व मुख्यमंत्री नहीं मानता। मैं उन्हें भावी मुख्यमंत्री मानता हूं। इसी दौरान मंच पर पीछे अखिलेश के साथ बैठे जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा कुछ कह रहे थे। पूर्व सांसद ने जितेंद्र वर्मा के पास आए और तमाचा दिखाते हुए टोका। जिसके बाद अखिलेश यादव सहित मंच पर बैठे सभी लोग जोर से हंस पड़े।

अखिलेश ने सभा को किया सम्बोधित
रामजीलाल सुमन के बाद अखिलेश ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए किसी का नाम लिए बगैर कहा जब से सपा चुनाव में मजबूत दावेदार के तौर पर उभरी है तब से लोगों को फोन पर धमकी दी जा रही है। अगर किसी के पास ऐसी फोन कॉल आती है तो उसे रिकॉर्ड कर लें। मैं यह कहना चाहता हूं कि हमारे सत्ता में आने पर उसे एक मुकदमे के तौर पर लिया जाएगा।

Desk Team