बाबरी मस्जिद विवाद में मुख्य वादकारी हाशिम अंसारी के बेटे इकबाल अंसारी ने शुक्रवार को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अयोध्या मुद्दे पर गठित मध्यस्थता समिति के कार्यकाल को 15 अगस्त तक बढ़ाने के कदम का स्वागत किया और मामले में अंतिम निर्णय से देश में शांति आने की उम्मीद जताई।
इकबाल अंसारी ने आईएएनएस से कहा, ‘यह मामला काफी पुराना है और मुद्दे को दो महीने के समय में सुलझाया नहीं जा सकता। यदि समिति ने और समय की मांग की है तो यह स्वागत योग्य कदम है, क्योंकि यह देश के लिए महत्वपूर्ण फैसला है।’
उन्होंने कहा, ‘मामला हिंदुओं व मुसलमानों से जुड़ा है और अदालत का फैसला ऐसा होना चाहिए जो देश में शांति लाए।’ अंसारी की टिप्पणी सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अयोध्या पर मध्यस्थता समिति की अवधि 15 अगस्त तक बढ़ाए जाने के बाद आई है।
यह पूछे जाने पर उन्होंने पहले मध्यस्थता के प्रस्ताव के विचार का विरोध क्यों किया था, अंसारी ने कहा, ‘शुरू में हिंदू पक्ष नाराज थे क्योंकि वे मध्यस्थता प्रक्रिया में शामिल होने के लिए तैयार नहीं थे और इसके बाद वे सहमत हो गए। उनके सहमत होने के बाद हम भी मध्यस्थता प्रक्रिया में शामिल हो गए।’


Download Android App
Download iOS App



