उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस की तैयारियां जारी है। इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी महंगाई के मुद्दे पर जनता को जागरुक करने के मकसद से पार्टी की ओर से शुरू किए गए ‘जन जागरण अभियान’ के तहत 18 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के अमेठी में पदयात्रा करेंगे।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका भी होंगी शामिल
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक बयान जारी कर बताया कि इस पदयात्रा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी शामिल होंगी। राहुल गांधी अमेठी से 2004 से 2019 तक लोकसभा सदस्य रह चुके हैं। पिछले चुनाव में उन्हें भाजपा की स्मृति ईरानी से हार का सामना करना पड़ा था।
महंगाई और अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों पर करेंगे जनता को जागरूक
कांग्रेस ने महंगाई और अर्थव्यवस्था के ‘कुप्रबंधन’ के मुद्दों पर जनता को जागरुक करने तथा सरकार को घेरने के मकसद से गत 14 नवंबर से ‘जन जागरण अभियान’ शुरू किया है। वेणुगोपाल ने कहा,‘‘देश के आम लोग कांग्रेस के इस अभियान का समर्थन कर रहे हैं और एक नवंबर से चल रहे सदस्यता अभियान से भी जुड़ रहे हैं।’’
उन्होंने यह भी बताया कि राहुल गांधी बांग्लादेश मुक्ति संग्राम और पाकिस्तान के खिलाफ जीत की 50वीं वर्षगांठ के मौके पर 16 दिसंबर को देहरादून में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



