उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गुरुवार को नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे समाजवादी पार्टी (सपा) के एक सैकड़ा कार्यकर्ताओं व नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
गुरुवार सुबह करीब 11 बजे प्रयागराज महानगर के जॉर्ज टाउन स्थित समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला स्तरीय कार्यालय से जैसे ही सैकड़ों की तादाद में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कचहरी की ओर बढ़ने की कोशिश की, पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। जिससे पुलिस व सपाइयों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। इसके बाद सपाई सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।
धरने को संबोधित करते हुए सपा प्रदेश इकाई के पूर्व सचिव नरेंद्र सिंह ने कहा, ‘भाजपा शासन में लिए जा रहे सभी फैसले जनविरोधी हैं। किसान, मुसलमान और महिलाओं के सम्मान के सवाल पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन को रोकना लोकतंत्र विरोधी कदम है।’
पूर्व सांसद नागेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि आज किसान दुखी है, मुसलमान भयभीत और महिलाएं मर्माहत हैं।
इसी बीच, अपर जिलाधिकारी (नगर) धरना स्थल पहुंचे और उनका ज्ञापन लिया।
इसके बाद भी जब सपाई वहां से हटने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और बस में पुलिस लाइन ले जाया गया। खबर लिखे जाने तक सपाइयों की रिहाई नहीं हुई थी।


Download Android App
Download iOS App



