विधानसभा चुनावों के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर महीने के आगामी दिनों में उत्तर प्रदेश का दौरा कर सकते हैं। प्रधानमंत्री पांच दिवसीय यात्रा के दौरान राज्य की तमाम महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का आगाज करेंगे। यात्रा की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर से होगी।
गोरखपुर से शुरू होगी PM की यात्रा
संभावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी और गोरखपुर के अलावा लखनऊ, कानपुर और बलरामपुर में विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। गोरखपुर में प्रधानमंत्री का सीएम योगी के साथ उर्वरक संयत्र और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का उद्घाटन करने का कार्यक्रम है।
इसके बाद 11 दिसंबर को बलरामपुर में पांच दशक पुरानी सरयू नहर परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इस बहुप्रतीक्षित नहर परियोजना से बलरामपुर क्षेत्र के किसानों को लंबे समय से इंतजार था। मोदी आगामी 13 दिसंबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में महत्वाकांक्षी काशी विश्वनाथ कॉरीडोर परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
यह परियोजना वाराणसी शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर का पुनर्विकास करते हुये प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार से जुड़ है। पीएम मोदी आगामी 18 दिसंबर को राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनीवर्सिटी (केजीएमयू) के 116वें स्थापना दिवस के अवसर की पूर्व संध्या पर 17 दिसंबर को आयोजित दीक्षांत समारोह में भी शिरकत कर सकते हैं।
KGMU के स्थापना दिवस समारोह में शामिल हो सकते हैं PM
सूत्रों के मुताबिक इस समारोह में शमिल होने के लिए प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समझा जाता है कि मोदी 18 दिसंबर को केजीएमयू के स्थापना दिवस समारोह में शामिल हो सकते हैं। गौरतलब है कि पिछले महीने नवंबर में भी प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश में बुंदेलखंड और अवध क्षेत्र का दौरा करते हुए 19 नवंबर को झांसी में रानी लक्ष्मीबाई जयंती के अवसर पर डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरीडोर का उद्घाटन किया था।
इसके बाद उन्होंने लखनऊ में दो दिन के प्रवास के दौरान सभी राज्यों के पुलिस महानिरीक्षकों के राष्ट्रीय सम्मेलन में भी हिस्सा लिया। इस महीने के अंत में प्रधानमंत्री के उत्तर प्रदेश में कानपुर के संभावित दौरे का मकसद शहर में 25 दिसंबर को अटल जयंती के अवसर पर मेट्रो रेल सेवा को हरी झंडी दिखाना है।
मेट्रो रेल सेवा से जुड़ने वाला कानपुर राज्य का पांचवा शहर होगा। फिलहाल लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा इस सेवा से जुड़ चुके हैं। जबकि कानपुर में पिछले महीने नवंबर के अंतिम सप्ताह में योगी मेट्रो रेल का ट्रायल रन शुरु कर चुके हैं। अब इस सेवा को प्रधानमंत्री द्वारा यात्रियों के लिये खोले जाने का कार्यक्रम है।


Download Android App
Download iOS App



