UP में सियासी हलचल तेज, गठबंधन की अटकलों पर बोले राजभर-जो भी BJP को हराना चाहते हैं हम उनसे साथ

Summary :

ओम प्रकाश राजभर ने बीजेपी के साथ गठबंधन को लेकर अपना रुख साफ़ कर दिया है। उन्होंने बीजेपी को डूबती नैया बताते हुए कहा कि हम सवार नहीं होंगे।

उत्तर प्रदेश : अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले यूपी की सियासत में हलचल तेज है। ऐसे में एक बार फिर बीजेपी द्वारा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के साथ गठबंधन की खबरें सामने आने लगी हैं। इस बीच ओम प्रकाश राजभर ने बीजेपी के साथ गठबंधन को लेकर अपना रुख साफ़ कर दिया है। उन्होंने बीजेपी को डूबती नैया बताते हुए कहा कि हम सवार नहीं होंगे।
राजभर ने ट्वीट करते हुए लिखा, बीजेपी डूबती हुई नैया है, जिसको इनके रथ पर सवार होना है हो जाए पर हम सवार नहीं होंगे, जब चुनाव नजदीक आता है तब इनको पिछड़ो की याद आती है जब मुख्यमंत्री बनाना होता है तो बाहर से लाकर बना देते है, हम जिन मुद्दों को लेकर समझौता किए थे साठे चार साल बीत गया एक भी काम पूरा नहीं हुआ।


उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, यूपी में शिक्षक भर्ती में पिछड़ो का हक लुटा, पिछड़ो को हिस्सेदारी न देने वाली बीजेपी किस मुंह से पिछड़ो के बीच मे वोट मांगने आएंगी इनको सिर्फ वोट के लिए पिछड़ा याद आते है। हमने भागीदारी संकल्प मोर्चा बनाया है जो भी यूपी में बीजेपी को हराना चाहते है हम उनसे गठबंधन करने को तैयार है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस समय दिल्ली दौरे पर हैं। उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात जारी है। वहीं दूसरी तरफ ओम प्रकाश राजभर ने आज लखनऊ में अपनी पार्टी की बैठक बुलाई है। गौरतलब है राजभर बीजेपी से अलग होने के बाद लगातार हमलावर रहे हैं। वह बीजेपी को ‘भारतीय झूठ पार्टी’ तक कह चुके हैं।

Desk Team