उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में कोहरे के कारण शनिवार को नेशनल हाईवे-19 पर एक बड़ा हादसा हुआ है। हादसे में 8 वाहन आपस में टकरा गए और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसा काफी गंभीर था, लेकिन, राहत की बात यह रही कि सभी वाहन चालक बाल-बाल बच गए। यह दुर्घटना वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर स्थित गोपीगंज कोतवाली इलाके में घटी। शनिवार सुबह इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई थी। इस कोहरे की वजह से दुर्घटना हुई, जिसमें पहले दो ट्रकों की आपस में टक्कर हुई, उसके बाद कार, मैजिक गाड़ी और अन्य ट्रक खड़े वाहनों से टकरा गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात बाधित हो गया। इस हादसे में दो वाहन चालकों को हल्की चोटें आईं, लेकिन कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
दुर्घटना के बाद यातायात बाधित
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस टीम पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से सभी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया, ताकि यातायात फिर से सामान्य हो सके। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर काफी लंबा जाम लग गया था, लेकिन पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए यातायात को सामान्य किया। प्रत्यक्षदर्शी बबलू ने बताया कि एक के बाद एक कर कुल आठ से नौ गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इसके अलावा, हरियाणा के सोनीपत में नेशनल हाईवे 344 पर खरखोदा-बरोणा रोड बाईपास पर एक बड़ा हादसा हुआ। इस हादसे में पांच गाड़ियां आपस में टकरा गईं।
घने कोहरे के कारण हुआ हादसा
दरअसल, एनएच पर सड़क निर्माण का काम चल रहा था, लेकिन सड़क पर रिफ्लेक्टर नहीं लगाए गए थे और घने कोहरे के कारण सड़क पर लगे बैरिकेड्स भी नजर नहीं आए, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। हालांकि, गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। आपस में टकराने वाली गाड़ियों में 2 डंफर, 1 ट्रक, 1 कैंटर और एक अन्य वाहन शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ जब घने कोहरे के कारण चालक सड़क पर बैरिकेड्स को नहीं देख पाए और गाड़ियों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सड़क पर काम तो चल रहा था, लेकिन रिफ्लेक्टर की कमी के कारण यह दुर्घटना घटी। बैरिकेड्स पर रिफ्लेक्टर न होने के कारण घने कोहरे में वाहन चालकों को रास्ता पहचानने में मुश्किल हुई और यह हादसा हुआ।


Download Android App
Download iOS App



