गोरखपुर मंडल के कुशीनगर जिले में कोविड-19 जांच के लिए नमूने लेने गयी स्वास्थ्य विभाग की टीम पर स्थानीय लोगों ने मंगलवार को पथराव किया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम कुशीनगर जिले के पगरा पडरी गांव में कोविड-19 की जांच के लिए नमूने लेने गयी थी तभी कुछ लोगों ने उस पर अचानक पथराव शुरू कर दिया।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि तमकुही स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एक टीम कोविड-19 के एक मरीज के संपर्क में आए लोगों के नमूने लेने पथेरवा इलाके में स्थित पगरा पडरी गांव गयी थी जहां 40-50 ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया और पथराव भी किया।
इस घटना में लैब टेक्नीशियन विनोद शर्मा घायल हो गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने उमेश भारती, जुगल प्रसाद, योगेंद्र प्रसाद, शंभू और राजन भारती नामक व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



