उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी अमन गिरि ने 34 हजार से अधिक मतों से जीत हासिल कर ली है। यह सीट अमन के पिता अरविंद गिरि के निधन के कारण रिक्त हुई थी।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, गिरि ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी (सपा) के विनय तिवारी को करीब 34,298 मतों से पराजित किया। गिरि को कुल 1,24,810 वोट मिले। वहीं, तिवारी को 90,512 मत प्राप्त हुए। उपचुनाव जीतने के बाद अमन गिरि ने कहा कि वह अपने पिता के सपनों को पूरा करेंगे और क्षेत्र का विकास सुनिश्चित कराएंगे।
अमन गिरि और विनय तिवारी के बीच मुकाबला
उन्होंने गोला गोकर्णनाथ को ‘छोटी काशी’ के रूप में विकसित करने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शुक्रिया अदा किया। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस ने इस उपचुनाव में अपने उम्मीदवार नहीं उतारे थे। लिहाजा मुख्य मुकाबला भाजपा उम्मीदवार अमन गिरि और समाजवादी पार्टी प्रत्याशी विनय तिवारी के बीच ही माना जा रहा था।
मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे शुरू हुई
पीठासीन अधिकारी अनुराग सिंह ने बताया कि मतगणना को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 56 अधिकारियों को तैनात किया गया था। गोला गोकर्णनाथ सीट पर उपचुनाव के तहत पिछली तीन नवंबर को 57.35 फीसदी मतदान हुआ था। गोला गोकर्णनाथ विधानसभा क्षेत्र केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा ‘टेनी’ के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र खीरी में आता है।


Download Android App
Download iOS App



