उत्तर प्रदेश : बिहार और नेपाल से आने वाले मरीज अब बिना देरी के पहुंचेगे गोरखपुर के अस्पताल

Summary :

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में अब बिहार और नेपाल से आने वाले मरीजों की एम्बुलेंस को यातायात पुलिस विभाग अस्पताल तक छोड़कर आएगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में अब बिहार और नेपाल से आने वाले मरीजों की एम्बुलेंस को यातायात पुलिस विभाग अस्पताल तक छोड़कर आएगा। उन्हें चिकित्सीय सुविधा मिलने में कोई दिक्कत न हो इसके लिए यह कदम उठाया गया है। 
गोरखपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) यातायात आदित्य प्रकाश वर्मा ने बताया कि बिहार और नेपाल के अलावा इससे सटे आस-पास के जिलों से आने वाले मरीजों की एम्बुलेंस को बिना जाम लगाए अस्पताल तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए एक मोबाइल नंबर 6390005277 सार्वजनिक किया गया है। 

अनंत हेगड़े के महात्मा गांधी वाले बयान को लेकर कांग्रेस ने किया पलटवार, कही ये बात

जाम में फंसी एंबुलेंस को निकलवाने के लिए इस नंबर पर फोन कर मदद मांगी जा सकती है। कोई भी व्यक्ति जाम में फंसी एंबुलेंस को देखकर इस नंबर पर फोन कर सकता है। फोन रिसीव होने के कुछ ही देर में यातायात पुलिस की क्यूआरटी मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस को जाम से निकलवाकर अस्पताल पहुंचने में मदद करेगी। 
गोरखपुर में आने वाली एंबुलेंस शहर में प्रवेश करते ही अक्सर जाम में फंस जाती है। जिसकी वजह से मरीज को अस्पताल पहुंचने में अनावश्यक देरी होती है और समय से उपचार नहीं शुरू हो पाता। अब ऐसे मरीजों को यह सुविधा मिलने से राहत होगी। 
जारी किए गए नंबर पर फोन करते ही यातायात पुलिसकर्मी पहुंचेंगे और मरीज को लेकर आ रही एंबुलेंस को जाम से निकालकर अस्पताल तक पहुंचाएंगे। उन्होंने बताया कि जाम से निपटने के लिए बड़ी योजना तैयार की जा रही है। फिलहाल मरीजों को बिना देरी के इलाज के लिए यह सुविधा शुरू की गई है। 

Desk Team