उत्तर प्रदेश: गोंडा में भीषण गर्मी का कहर, हीट वेव का अलर्ट जारी

Summary :

हीट वेव अलर्ट के बीच गोंडा में तापमान 41 डिग्री

गोंडा में भीषण गर्मी और हीट वेव ने जनजीवन को प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है। तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, और लोग चेहरे ढककर या हेलमेट पहनकर बाहर निकल रहे हैं। सड़क किनारे ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है।

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में भीषण गर्मी और हीट वेव ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने जिले में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते पशु-पक्षियों से लेकर आम आदमी तक के लिए संकट की स्थिति बन गई है। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर दिया। आवश्यक कार्यों से बाहर निकलने वाले लोग सावधानी बरत रहे हैं। सड़कों पर लोग या तो चेहरा कपड़ों से ढककर चल रहे हैं या हेलमेट का सहारा ले रहे हैं, ताकि लू और तेज धूप से बचा जा सके। बढ़ती गर्मी और तेज हवाओं ने लोगों को तरल पदार्थों की ओर आकर्षित किया है। सड़क किनारे लगे रेड़ी और ठेले वालों पर भीड़ उमड़ रही है, जहां लोग नींबू पानी, गन्ने का रस और अन्य ठंडे पेय पदार्थों का सेवन कर गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।

CM योगी ने गोरखपुर में 1498 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गोंडा में हीट वेव का प्रकोप जारी रह सकता है। विभाग ने लोगों से दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है। साथ ही, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।इस बीच, गोंडा के बाबू ईश्वरशरण सिंह जिला अस्पताल में मानवता की मिसाल देखने को मिली। अस्पताल परिसर में बने एक मंदिर की देखभाल करने वाले व्यक्ति ने गर्मी से राहत देने के लिए चार से पांच पानी की टंकियां रखी हैं। ये टंकियां अस्पताल में आने-जाने वाले मरीजों, उनके तीमारदारों और अन्य लोगों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। इस नेक काम को देखकर लोग उनकी प्रशंसा कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक गर्म पछुआ हवाओं के कारण तापमान में और वृद्धि की चेतावनी जारी की है। हालांकि, 17 मई को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी से मामूली राहत मिल सकती है। 17 मई को पश्चिमी विक्षोभ के हल्के प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.