उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश का सिलसिला जल्द ही थम सकता है। आंचलिक मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण-पश्चिमी मानसून प्रदेश के पूर्वी भागों में सक्रिय जबकि पश्चिमी हिस्सों में सामान्य है। पूर्वानुमान के मुताबिक पिछले करीब एक सप्ताह से प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर रुक-रुक कर हो रही बारिश में अब कमी आने की सम्भावना है। इससे उमस बढ़ने के प्रबल आसार हैं।
रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर बारिश हुई। कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी वर्षा भी हुई। इस अवधि में तुर्तीपार में सबसे ज्यादा 15 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गयी। इसके अलावा हाटा और रामनगर में 15-15 सेंटीमीटर, फतेहपुर में 11, बलरामपुर और गोरखपुर में 10-10, शाहजहांपुर, हैदरगढ़ और एल्गिनब्रिज में नौ-नौ, भिनगा, आजमगढ़, बरेली और शाहजहांपुर में आठ-आठ, नीमसार, अकबरपुर और देवबंद में सात-सात सेंटीमीटर वर्षा हुई।
पिछले 24 घंटों के दौरान इलाहाबाद, कानपुर, लखनऊ तथा झांसी मण्डलों में दिन के तापमान में खासी वृद्धि दर्ज की गयी। वहीं, बरेली तथा मुरादाबाद मण्डलों में इसमें गिरावट रिकॉर्ड की गयी। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर वर्षा होने की सम्भावना है।


Download Android App
Download iOS App



