उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुए बिकरु कांड में पुलिस को गुरुवार को एक और सफलता मिली। पुलिस ने फरार पचास हजार के इनामी वितुल दुबे को घाटमपुर के सजेती से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसकी 6 माह से तलाश कर रही है।
बीते सप्ताह उस पर इनाम की राशि 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी गई थी। उसका पिता अतुल दुबे और चचेरा भाई अमर दुबे पहले ही एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं। हालांकि अभी पुलिस अफसर वितुल दुबे की गिरफ्तारी को लेकर कुछ भी बताने से बच रहे हैं।
कानपुर के सजेती थाना की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, पकड़े गए आरोपी के पास एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और बिना नम्बर की एक गाड़ी मिली है। ज्ञात हो कि चौबेपुर के बिकरू गांव में दो जुलाई 2020 की रात दुर्दांत हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे व उसके साथियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था और फायरिंग कर दी थी।
इस घटना में तत्कालीन सीओ बिल्हौर देवेंद्र मिश्रा समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास दुबे समेत छह आरोपियों को एनकाउंटर में मार दिया था, जबकि अबतक 36 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना में नामजद आरोपी वितुल दुबे फरार हो गया था जिसे गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।


Download Android App
Download iOS App



