मऊ : संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ मऊ जिले के दक्षिण टोला क्षेत्र में लोगों ने हिंसक प्रदर्शन और आगजनी की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के हाजीपुरा चौक पर स्थानीय लोगों ने संशोधित नागरिकता कानून और जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में छात्रों पर पुलिस की कथित कार्रवाई के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि हालात काबू में करने के लिये पुलिस को आंसू गैस और हवाई फायरिंग का सहारा लेना पड़ा। खबरों के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहन समेत कई गाड़ियों में आग लगा दी।
इस बीच, गृह विभाग के प्रमुख सचिव अवनीश अवस्थी ने बताया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर—बितर कर दिया है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर हैं। जिले में कर्फ्यू लागू होने की खबरों के बीच पुलिस महानिदेशक ओम प्रकाश सिंह ने इसका खण्डन करते हुए कहा कि कर्फ्यू नहीं लगाया गया है।
जिला प्रशासन ने धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू करने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि अब स्थिति बिल्कुल शांतिपूर्ण है। प्रशासन ने उग्र प्रदर्शनकारियों को सख्ती से तितर—बितर कर दिया है।


Download Android App
Download iOS App



