जिले में दिल्ली-आगरा राजमार्ग से आगे छटीकरा-वृन्दावन मार्ग पर स्थित प्रेम मंदिर को उड़ा देने की धमकी मिलने के बाद बीती शाम पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कम्प मच गया। राधा और कृष्ण के अनन्य प्रेम को समर्पित इस मंदिर को उड़ा देने की धमकी मिलने के बाद आनन फानन में इसके आसपास के इलाके में चौकसी बढ़ा दी गई।
मोबाइल नंबर से फोन करने वाले की सर्विलांस के आधार पर तलाश की गई तो पता चला कि यह फोन किसी मुन्ना नाम के युवक के नाम से पंजीकृत है। उसने बताया कि उसका फोन खो गया था। उससे किसी अन्य व्यक्ति ने यह कॉल की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर ने बताया, ‘‘धमकी देने वाले युवक को भी पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल वह युवक पुलिस की हिरासत में है।’’

इस मंदिर का निर्माण कृपालु महाराज ने करीब 54 एकड़ भूमि पर लगभग सौ करोड़ रुपए की धनराशि से कराया है। 11 वर्ष में बनकर तैयार हुए इस मंदिर का लोकार्पण 2012 में किया गया था। इस मंदिर में कुल 94 खम्भे हैं। इस मंदिर के निर्माण में इटैलियन संगमरमर का इस्तेमाल किया गया है। मंदिर बनाने में राजस्थान और उत्तर प्रदेश के एक हजार शिल्पकारों ने दिन-रात काम किया था।
मन्दिर में प्रतिदिन देश-विदेश बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं। इसकी ऊँचाई 125 फुट, लम्बाई 122 फुट तथा चौड़ाई 115 फुट है। इसमें फव्वारे, राधा-कृष्ण की मनोहर झाँकियाँ, गोवर्धन लीला, कालिया नाग दमन लीला, झूलन लीला की झाँकियाँ उद्यानों के बीच सजाई गयी हैं। मन्दिर की शिलाओं पर राधा गोविन्द गीत सरल भाषा में लिखे गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



