‘आजादी का मतलब सिर्फ सत्ता से मुक्ति नहीं, जब देश अराजकता, गरीबी,…’, स्वतंत्रता दिवस पर CM योगी का बड़ा संदेश

Summary :

Yogi Adityanath Independence Day Speech: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि आजादी का अर्थ केवल राजनीतिक स्वतंत्रता नहीं, बल्कि गरीबी, अशिक्षा, असमानता और पिछड़ेपन से मुक्ति भी है। उन्होंने एकता और राष्ट्रहित के लिए मिलकर काम करने की अपील की।

Yogi Adityanath Independence Day Speech: देश आज यानी 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर झंडा फहराते हुए  उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही  देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता को संबोधित करते हुए आजादी के महत्व और देश के भविष्य को लेकर कई बातें कहीं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  CM योगी ने कहा कि 15 अगस्त 1947 का दिन भारतीय इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण है। लंबे संघर्ष, त्याग और अनगिनत बलिदानों के बाद देश को विदेशी शासन से मुक्ति मिली। उन्होंने कहा कि आज हर भारतीय जिस स्वतंत्रता का अनुभव कर रहा है, उसके पीछे भारत माता के वीर सपूतों की तपस्या और कुर्बानी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को गुलामी की ओर ले जाने में आपसी मतभेद और कई तरह की साजिशें भी जिम्मेदार रहीं। लेकिन भारतीय समाज ने कभी भी गुलामी को अपने मन से स्वीकार नहीं किया। आजादी हासिल करने की भावना लोगों के अंदर  लगातार बनी रही और इसी संकल्प ने स्वतंत्रता आंदोलन को मजबूती दी।

आजादी का मतलब सिर्फ सत्ता से मुक्ति नहीं

CM योगी ने कहा कि स्वतंत्रता का मतलब  केवल विदेशी शासन से राजनीतिक मुक्ति हासिल करना नहीं है। असली आजादी तब होगी, जब देश अराजकता, गरीबी, अशिक्षा, पिछड़ेपन और असमानता जैसी समस्याओं से भी पूरी तरह मुक्त होगा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश ने इन चुनौतियों से निपटने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। पिछले आठ दशकों में कई बड़ी समस्याओं का समाधान हुआ है और बाकी चुनौतियों से निपटने के लिए भी मजबूत रास्ते तैयार किए गए हैं।

CM ने कहा कि देश की स्वतंत्रता को लंबे समय तक सुरक्षित और मजबूत बनाए रखना किसी एक व्यक्ति या किसी खास वर्ग की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए समाज के हर व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि करीब 140 करोड़ भारतीय अगर अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ योगदान दें, तो देश को और मजबूत बनाया जा सकता है। योगी ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का भी नाम है। देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए सभी नागरिकों को मिलकर काम करना होगा।

गरीबी और पिछड़ेपन से बाहर निकल रहा देश

CM योगी ने कहा कि 1947 के समय भारत के सामने गरीबी, अव्यवस्था, अशिक्षा, पिछड़ापन और असमानता जैसी कई गंभीर चुनौतियां थीं। पिछले सालों  में इन क्षेत्रों में काफी बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि देश में करीब 25 करोड़ लोगों को बहुआयामी गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है।

उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा का दायरा पहले की तुलना में काफी बढ़ा है और सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच रहा है। विकास की प्रक्रिया में किसी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए और सरकार इसी दिशा में आगे बढ़ रही है।

देश को बांटने वाली ताकतों से सावधान रहने की अपील

CM योगी  ने लोगों से देश को कमजोर करने और समाज को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत की ताकत उसकी एकता और विविधता में है। इसलिए सभी नागरिकों को मिलकर देश की एकता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना होगा।

उन्होंने कहा कि देश के विकास की प्राथमिकता गरीब, युवा, महिला और किसान होने चाहिए। सरकार की नीतियों और योजनाओं में इन चार वर्गों को ध्यान में रखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें: Lucknow News: विभाजन की त्रासदी से सबक लेकर मजबूत भारत का निर्माण करें, एकजुटता को बनाएं ताकत: सीएम योगी

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।