उत्तर प्रदेश में महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, शराब के दामों में भी हुई बढ़ोत्तरी

Summary :

प्रदेश में पेट्रोल की कीमतों में 2 रुपये और डीजल की कीमतों में एक रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। इसके बाद राज्य में पेट्रोल की कीमत 73.91 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 63.86 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

लॉकडाउन के दौरान हो रहे आर्थिक नुकसान को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार से राज्य में पेट्रोल और डीजल के दामों में इजाफा किया है, इसके साथ ही सरकार ने शराब के रेट में भी बढ़ोत्तरी की है। योगी कैबिनेट द्वारा लिए गए इस फैसले को आज रात 12 बजे से लागू कर दिया जाएगा। 
प्रदेश में पेट्रोल की कीमतों में 2 रुपये और डीजल की कीमतों में एक रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। इसके बाद राज्य में पेट्रोल की कीमत 73.91 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 63.86 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। इससे पहले राज्य में पेट्रोल 71.91 रुपये प्रति लीटर और डीजल की 62.85 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था।
उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया, डीजल पर एक 1 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल पर 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया गया है। नई दरें आज रात 12 बजे से लागू होंगी। इसके साथ ही उन्होने बताया कि देशी शराब पर 5 रुपये की वृद्धि हुई है जो 65 रुपये में मिलती ​थी वो अब 70 रुपये में​ मिलेगी, 75 रुपये वाली 80 में मिलेगी। 
विदेशी शराब पर 180 एमएल तक 10 रुपये, 180 एमएल- 500 एमएल तक 20 रुपये और 500 एमएल से ज्यादा पर 30 रुपये की वृद्धि की गई है। इसके अलावा आयातित शराब में 100-180 एमएल तक 100 रुपए, 180-500 एमएल तक 200 रुपए और 500 एमएल से अधिक पर 400 रुपए की वृद्धि की गई है। बता दें कि केंद्र सरकार ने मंगलवार रात को पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क 10 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर उत्पाद शुल्क 13 रुपए प्रति लीटर बढ़ा दिया है।

Desk Team