उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बहराइच और महराजगंज जिले में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने बहराइच में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण और 333 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास करने के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित किया।
उन्होंने कहा, ‘‘महाराणा प्रताप का जन्म राजस्थान की धरती पर उस काल खंड में हुआ था, जब देश और धर्म दोनों खतरे में थे। उन्होंने भारत की स्वाधीनता के यज्ञ में जो आहुति दी, उसके लिए आज हर भारतवासी उनके प्रति कृतज्ञ है।’’
मुख्यमंत्री बहराइच में ठाकुर हुकुम सिंह किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने वहां 70 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व 264 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
वहीं, गोरखपुर से मिली खबर के मुताबिक मुख्यमंत्री ने पड़ोसी महराजगंज जिले में 279.30 करोड़ रुपये की विकास परियोजना का शिलान्यास और लोकार्पण किया। योगी ने इस मौके पर अपने संबोधन में कहा, ”हम नेपाल से लगी सीमा तक एक सड़क का निर्माण करने जा रहे हैं और महराजगंज जिले से इसकी शुरुआत होगी।”
उन्होंने कहा कि यह सड़क महराजगंज से सीधे पीलीभीत जाएगी और उत्तराखंड को भी जोड़ेगी। वनटांगिया गांवों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद राज्य में 100 वनटांगिया गांव थे और अब महराजगंज के 18 वनटांगिया गांव राजस्व ग्राम में शामिल होकर पहली बार मतदाता सूची में शामिल होंगे।


Download Android App
Download iOS App



