उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के नियमों का पूरी तरह से पालन करते रहने की अपील कि और कहा कि प्रदेश में अब तक पांच करोड़ लोगों को संक्रमण रोधी टीके लगाए जा चुके हैं। योगी ने वृन्दावन के वात्सल्य ग्राम में साध्वी ऋतम्भरा द्वारा स्थापित 100 बिस्तरों की क्षमता वाले कोविड अस्पताल के ऑनलाइन उद्घाटन के दौरान यह बात कही।
अपने संबोधन में उन्होंने लोगों से कहा, ‘‘भले सरकार आपको लॉकडाउन के बीच कई छूट दे रही है, परंतु अत्यधिक आवश्यकता पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलें, मास्क लगाएं, दो गज की दूरी का पालन करें और बारी आने पर टीका अवश्य लगवाएं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड से बचाव के लिए प्रदेश के पांच करोड़ लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है और गांवों में भी संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, रेलमंत्री पीयूष गोयल एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।


Download Android App
Download iOS App



