उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में क्राइम ग्राफ दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री का जीरो टॉलरेंस एक बड़े जीरों में बदल कर रह गया है। यादव ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा राज में उत्तर प्रदेश अपराध प्रदेश बन गया है। माफिया, पुलिस और शासन की मिलीभगत से समस्त न्यायिक और संवैधानिक मर्यादाएं टूट कर छिन्न भिन्न हो रही है। लोगों में दहशत है। प्रदेश में भय और असुरक्षा का वातावरण है।
भाजपा सरकार पर भड़के अखिलेश
उन्होने कहा कि बेटियों के रात 12 बजे भी गहने पहनकर सुरक्षित बाहर निकलने का दावा करने वाले सत्ताधीशों के राज में बेटियों का जीना दुश्वार हो गया है। जिन पर जनता को भयमुक्त करने की जिम्मेदारी है, वहीं जब रक्षक की जगह भक्षक की भूमिका में दिखे तो जनता कहां न्याय की गुहार करें। बरेली में एक सिपाही ने एक युवती की मोबाइल और स्कूटी तोड़ दी। खागा फतेहपुर में इस्कूरी गांव की एक बालिका को बहला फुसलाकर युवक भगा ले गया।
सच तो यह है कि भाजपा सरकार के दूसरी बार सत्ता में आने के बाद प्रदेश में अपराधों में बाढ़ आ गयी है। जनता की कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। सत्ता के मद में भाजपा इतना चूर हो गई है कि उसे अब कायदे कानून या संविधान की कोई परवाह नहीं रह गई है।


Download Android App
Download iOS App



