केदार घाटी में फिर हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग, बाल-बाल बचे लोग-VIDEO

Summary :

केदार घाटी में एक बार फिर हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही हेलीकॉप्टर ने बड़ासू हेलीपैड से केदारनाथ के लिए उड़ान भरी, कुछ ही पल में उसमें तकनीकी समस्या होने लगी. ऐसे में हेलीकॉप्टर अचानक नीचे की ओर आने लगा, जिससे मौके पर मौजूद लोग डर के मारे सहम गए.

Uttarakhand News: उत्तराखंड की पवित्र केदारनाथ यात्रा के दौरान शनिवार को एक बड़ा हादसा होते होते टल गया. दरअसल एक प्राइवेट हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के कारण आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी. बता दें कि रुद्रप्रयाग जिले के बड़ासू हेलीपैड से उड़ान भरते ही कुछ दूरी पर हेलीकॉप्टर में तकनीकी गड़बड़ी आ गई. इसके चलते पायलट को मजबूरन हाईवे पर लैंडिंग करनी पड़ी. गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. वहीं इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही हेलीकॉप्टर ने बड़ासू हेलीपैड से केदारनाथ के लिए उड़ान भरी, कुछ ही पल में उसमें तकनीकी समस्या होने लगी. ऐसे में हेलीकॉप्टर अचानक नीचे की ओर आने लगा, जिससे मौके पर मौजूद लोग डर के मारे सहम गए. पायलट की सतर्कता के चलते हेलीकॉप्टर को पास के हाईवे पर सुरक्षित उतार लिया गया. इस आपातकालीन लैंडिंग के दौरान सड़क किनारे खड़ी एक कार हेलीकॉप्टर से टकरा गई, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई.

आपदा राहत टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंच गई. राहत व बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया और क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया गया. राहत की बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी को कोई चोट नहीं आई.

ADG कानून व्यवस्था ने दी जानकारी

उत्तराखंड के एडीजी (कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना गुप्तकाशी क्षेत्र में घटित हुई, जहां एक निजी हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के चलते हाईवे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी. हेलीकॉप्टर में मौजूद सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.

जांच के दिए गए आदेश

इस तरह की घटनाएं पहले भी केदारनाथ यात्रा के दौरान सामने आ चुकी हैं, जिससे एक बार फिर हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं. संबंधित विभागों को इस घटना की गहराई से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से बचा जा सके.

Uttarakhand News

यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि

उत्तराखंड सरकार और पर्यटन विभाग लगातार इस बात का प्रयास कर रहे हैं कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए. इस घटना के बाद फिर से यह संदेश गया है कि तकनीकी जांच और उड़ान से पहले की सुरक्षा प्रक्रियाएं कितनी जरूरी हैं.

देहरादून: सेना को मिलेंगे 48 नए अधिकारी, कैडेट्स ने पूरी की प्रशिक्षण

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।