Uttarakhand Weather Red Alert: उत्तराखंड में मौसम विभाग की ओर से रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए आज और कल चारधाम यात्रा रोक दी गई है। वहीं, बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब और लक्ष्मण मंदिर क्षेत्र में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और कई क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।
बारिश, बर्फबारी और भूस्खलन की वजह से कई जगह सड़कें बंद हो गई हैं। इसके अलावा, खराब मौसम को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों को भी बंद रखने का फैसला लिया गया है। पिथौरागढ़ में खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कैलाश यात्रा के लिए परमिट जारी नहीं किए गए हैं। वहीं, जो यात्री पहले से आदि कैलाश की यात्रा पर गए हैं, उन्हें गुंजी में ही रुकने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
पिथौरागढ़ में लगातार बारिश के बीच भूस्खलन और पहाड़ियों से बोल्डर गिरने के कारण कई सड़क मार्ग बाधित हुए हैं। टनकपुर-पिथौरागढ़ सड़क पर घाट बैंड के पास बोल्डर गिरने से सैकड़ों वाहन और यात्री फंस गए। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान एंबुलेंस की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, 26 और 27 सितंबर को पिथौरागढ़, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर और चंपावत में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। खराब मौसम को देखते हुए इन सभी जिलों में 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
हेमकुंड साहिब में सीजन की पहली बर्फबारी
उधर, हेमकुंड साहिब क्षेत्र में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, बद्रीनाथ-हेमकुंड साहिब मार्ग पर हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर अनावश्यक यात्रा करने से बचने और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
दरअसल, मौसम विभाग ने उत्तराखंड के बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: Haridwar Triple Talaq Case: पहले पत्नी को दिया तीन तलाक, फिर चाचा से निकाह-हलाला करने का दबाव, शिकायत दर्ज


Download Android App
Download iOS App




