Pitru Paksha me kya na karein: हिंदू धर्म में पितृ पक्ष बहुत खास माना जाता है। यह 16 दिनों का समय होता है, जिसमें लोग अपने पूर्वजों को याद करते हैं और उनके प्रति अपना आदर व धन्यवाद जताते हैं। इस दौरान लोग तर्पण, पिंडदान करते हैं और दान-पुण्य करते हैं। वैदिक पंचांग के अनुसार, इस साल पितृ पक्ष की शुरुआत 26 सितंबर से हो चुकी है, इसका समापन 10 अक्टूबर को सर्वपितृ अमावस्या के दिन होगा। वास्तु शास्त्र में पितृ पक्ष से जुड़े कई नियम बताए गए हैं। माना जाता है कि इन दिनों कुछ विषेश नियमों का पालन करना अनिवार्य होता है, नहीं तो परिवार पर पितृ दोष लग सकता है। आइए, जानें पितृ पक्ष में किन कामों के लिए मनाही होती है और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है।
पितृ पक्ष से जुड़े 10 नियम
1. शुभ काम न करें
पितृ पक्ष में शादी, सगाई, नए घर में जाना या नया कारोबार शुरू करने जैसे मंगल काम नहीं करने चाहिए। इन दिनों गाड़ी, जमीन या कोई भी बड़ी चीज खरीदने से बचना चाहिए। यह समय सिर्फ अपने पूर्वजों को याद करने और उनके प्रति श्रद्धा दिखाने के लिए होता है।
2. प्याज और लहसुन से परहेज करें

पितृ पक्ष में भोजन बनाते समय प्याज और लहसुन जैसी चीज़ों का इस्तेमाल करने से बचें। इन दिनों घर में केवल सात्विक और शुद्ध भोजन ही बनाना और खाना चाहिए।
3. नए कपड़े न खरीदें और न पहनें
इन दिनों नए कपड़े खरीदने और पहनने से मना किया जाता है, क्योंकि इस समय मन को शांत और सादा रखना चाहिए। हालांकि, अगर आप किसी जरूरतमंद को दान देने के लिए कपड़े खरीद रहे हैं तो खरीद सकते हैं।
4. बाल और नाखून काटने से बचें
पितृ पक्ष के 16 दिनों में दाढ़ी बनवाने, बाल कटवाने और नाखून काटने से बचना चाहिए। इस समय को सादगी और पूर्वजों के प्रति आदर प्रकट करने का समय माना जाता है।
5. मांस और शराब से दूर रहें
पितृ पक्ष में मांसाहारी भोजन, शराब या किसी भी तरह के नशे का सेवन नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से पूर्वज नाराज हो सकते हैं और घर में पितृ दोष लग सकता है।
6. घर में लड़ाई-झगड़ा न करें
इन 16 दिनों में घर का माहौल शांत और पवित्र बनाए रखें। इस दौरान किसी भी तरह का लड़ाई-झगड़ा करना अशुभ माना जाता है। घर में प्यार और शांति बनाए रखें, वरना पूर्वज दुखी होकर लौट सकते हैं।
7. किसी गरीब को न सताएं
पितृ पक्ष में किसी भी गरीब, बेबस इंसान या पशु-पक्षियों को परेशान न करें। उन्हें दुख देने से घर में पितृ दोष लग सकता है और पूर्वज नाराज हो सकते हैं।
8. पूर्वजों का श्राद्ध जरूर करें

पितृ पक्ष का सबसे मुख्य काम पूर्वजों का श्राद्ध करना है। अगर आप श्राद्ध नहीं करते हैं तो आप उनके आशीर्वाद से वंचित रह सकते हैं और जीवन में परेशानियां आ सकती हैं।
9. किसी को कड़वे बोल न बोलें
माना जाता है कि इन दिनों पूर्वज किसी भी रूप में हमसे मिलने आ सकते हैं। इसलिए सभी के साथ नम्रता, सच्चाई और आदर से पेश आएं। किसी को भी बुरे शब्द न कहें और झूठ न बोलें।
10. पशु-पक्षियों को भोजन जरूर दें
इन दिनों रोज़ भोजन बनाते समय पहला हिस्सा गाय, कौए और कुत्ते के लिए अलग से निकालें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पूर्वज इन्हीं के माध्यम से भोजन स्वीकार करते हैं।
Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक ग्रंथियों, कहानियों या मान्यताओं पर आधारित है। पंजाब केसरी इसकी सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।


Download Android App
Download iOS App




