अफगानिस्तान : अमेरिकी विमानों के हमले में 200 से अधिक आतंकवादी ढेर

Summary :

अमेरिका के बी-52 बॉम्बर विमानों ने अफगानिस्तान के जवज्जान प्रांत की राजधानी शेबरगन में आतंकवादी संगठन तालिबान के ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं, जिनमें 200 से अधिक आतंकवादी मारे गए।

अफगानिस्तान में तालिबानियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। अमेरिका के बी-52 बॉम्बर विमानों ने अफगानिस्तान के जवज्जान प्रांत की राजधानी शेबरगन में आतंकवादी संगठन तालिबान के ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं, जिनमें 200 से अधिक आतंकवादी मारे गए। अफगानिस्तानी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता फवाद अमान ने शनिवार को ट्वीट कर जानकारी दी।
अफगानिस्तानी रक्षा मंत्रालय ने अपने ट्वीट में बताया कि अमेरिकी बमवर्षक विमानों ने आज शाम जवज्जान प्रांत की राजधानी शेबरगन में तालिबानी ठिकानों पर हवाई हमले किये, जिनमें 200 से अधिक आतंकवादी मारे गए। हवाई हमले में बड़ मात्रा में आतंकवादियों के हथियार, गोला-बारूद और 100 से अधिक वाहन नष्ट हो गए। 
उन्होंने बताया कि अमेरिकी विमानों को निमरूज, जवज्जान, कंधार, हेरात, लश्करगाह और हेलमंद प्रांतों पर तालिबान की पकड़ कमजोर करने के लिए भेजा गया है। गौरतलब है कि तालिबान ने शनिवार को घोषणा की कि उसने दक्षिण-पश्चिमी प्रांत निमरूज और उत्तरी प्रांत जवज्जान पर कब्जा कर लिया है। निमरूज की राजधानी जरंज वर्ष 2016 के बाद पहला ऐसा प्रांतीय केंद, बन गयी है, जिस पर तालिबान ने कब्जा किया है। 

Desk Team