ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के जनाजे के दौरान रविवार को राजधानी तेहरान में माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। यहां जुटे लाखों लोगों के सामने एक कलाकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जान से मारने की खुली मांग कर दी। युद्ध की विभीषिका झेल रहे ईरान में किसी मंच संचालक की ओर से ट्रंप की मौत का यह पहला सीधा आह्वान है।
इस दौरान पूरी राजधानी में ट्रंप और इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को मारने की मांग वाले पोस्टर और भित्तिचित्र दिखाई दिए। यह उग्र मांग ऐसे समय में आई है जब तेहरान और अमेरिका के बीच युद्ध को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए बातचीत चल रही थी। इस युद्ध के कारण दुनिया भर में ऊर्जा आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है।
जनाजे में क्यों गूंजी ट्रंप की मौत की मांग?

लाउडस्पीकर पर भीड़ को संबोधित करते हुए कवि मोहम्मद रसूली ने ट्रंप को लेकर तीखा सवाल दागा। रसूली ने पूछा कि दुनिया का सबसे दुष्ट आदमी अब तक जिंदा क्यों है? इस सवाल पर वहां मौजूद लाखों लोगों की भीड़ ने जोरदार नारे लगाए। इसके बाद जब रसूली ने कहा कि दुनिया अब ट्रंप के लिए सुरक्षित जगह नहीं बची है, तो भीड़ ने दोबारा इसका समर्थन किया। भीड़ लगातार ‘अमेरिका की मौत!’ और ‘इस्राइल की मौत!’ के नारे लगा रही थी।
बाद में 97 वर्षीय शिया धर्मगुरु अयातुल्ला जफर सुभानी ने तेहरान की ग्रैंड मोसल्ला में फ्यूनरल प्रेयर का नेतृत्व किया। इस दौरान खामेनेई के बेटे मसूद, मीसम और मुस्तफा वहां मौजूद थे। प्रार्थना में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ और रिवोल्यूशनरी गार्ड के प्रमुख जनरल अहमद वाहिदी भी शामिल हुए। इनके साथ कुद्स फोर्स के प्रमुख इस्माइल कानी भी मौजूद थे।
नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई रहे गायब

इस पूरे आयोजन से Iran Supreme Leader अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई गायब रहे। वह भी दिवंगत खामेनेई के बेटे हैं। माना जा रहा है कि वह किसी गुप्त स्थान पर छिपे हैं। वह उस हवाई हमले में घायल हो गए थे जिसमें उनके पिता की मौत हुई थी।
इस्राइल ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दे रखी है। अयातुल्ला अली खामेनेई दशकों तक ईरान के शासक रहे। इस साल 28 फरवरी को युद्ध की शुरुआत में हुए एक हवाई हमले में 86 वर्ष की आयु में उनकी मौत हो गई थी। युद्ध के कारण उनके जनाजे में देरी हुई। इस आयोजन से देश के नए नेतृत्व को अपनी ताकत दिखाने का मौका मिला है।


Download Android App
Download iOS App




