वाशिंगटन, 9 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका और ईरान के बीच जारी गतिरोध समाप्त करने को लेकर चल रही कूटनीतिक वार्ता में अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। इस बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि ‘ईरान की मांगें स्वीकार्य नहीं हैं’ और फिलहाल दोनों देशों के बीच किसी समझौते की संभावना के संकेत नहीं हैं।
रविवार को फ्लोरिडा के होमस्टेड एयर रिजर्व बेस पर पत्रकारों से बातचीत में रूबियो ने कहा कि कई देश अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता की कोशिश कर रहे हैं और अलग-अलग प्रस्तावों के जरिए समाधान निकालने का प्रयास जारी है।
उन्होंने कहा, ”मेरे पास बातचीत में किसी प्रगति की जानकारी देने के लिए कुछ नहीं है।”
रूबियो ने कहा, “अमेरिकी प्रशासन कूटनीतिक तरीके से समस्या का समाधान चाहता है, लेकिन कुछ परिस्थितियों में ऐसा संभव नहीं हो पाता। यदि समझौते की कोई संभावना बनती है तो अमेरिका उस रास्ते को तलाशने के लिए तैयार है।”
हालांकि, उन्होंने ईरान की मांगों को अवास्तविक और अनुचित बताते हुए कहा कि फिलहाल बातचीत बहुत उपयोगी साबित नहीं हुई है।
रूबियो ये टिप्पणियां फ्रांस की राजधानी पेरिस रवाना होने से पहले कर रहे थे, जहां वह जी-7 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे।
इस बीच, खबर है कि अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव कम करने के तहत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को व्हाइट हाउस में कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से मुलाकात करेंगे।
व्हाइट हाउस के कार्यक्रम मुताबिक, यह बैठक बंद कमरे में होगी। इस मुलाकात को इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। वह दोनों देशों के बीच प्रस्तावों के आदान-प्रदान और मतभेद दूर करने की कोशिशों में जुटा है। इसमें ईरान का परमाणु कार्यक्रम और युद्ध समाप्त करने की शर्तें प्रमुख मुद्दे हैं।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



