अमेरिका : मोंटाना में ट्रेन पटरी से उतरी, कम से कम 3 लोगों की मौत और कई लोग घायल

Summary :

अमेरिका में सिएटल और शिकागो के बीच चलने वाली एमट्रेक कंपनी की ट्रेन उत्तर-मध्य मोंटाना में पटरी से उतर गई। इस दुर्घटना में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई।

अमेरिका में सिएटल और शिकागो के बीच चलने वाली एमट्रेक कंपनी की ट्रेन शनिवार दोपहर को उत्तर-मध्य मोंटाना में पटरी से उतर गई। लिबर्टी काउंटी शेरिफ कार्यालय के एक अधिकारी के मुताबिक इस दुर्घटना में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। एमट्रैक कंपनी की ओर से कहा गया कि इस दुर्घटना में कई लोग घायल हुए हैं।
एमट्रेक के प्रवक्ता जैसन अबराम्स ने एक वक्तव्य में बताया कि स्थानीय समयानुसार शनिवार दोपहर करीब चार बजे ‘एम्पायर बिल्डर’ ट्रेन जोपलिन कस्बे के निकट पटरी से उतर गई। इस ट्रेन में 147 यात्री और क्रू के 13 सदस्य सवार थे। एक यात्री ने बताया कि एक बोगी पूरी तरह से पलट गई और दूसरी बोगी उस पर चढ़ गई। 
यात्री ने बताया कि तीन अन्य बोगियां पटरी से उतर गईं और ट्रेन से अलग हो गईं। शेरिफ कार्यालय के अधिकारी ने बताया कि स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर घायलों को अस्पतालों में पहुंचाने तथा अन्य यात्रियों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Desk Team