‘विदेशी पत्नी खरीदने से बचें…’, चीन ने बांग्लादेश में रह रहे अपने नागरिकों के लिए जारी किया नोटिस

Summary :

चीन का बांग्लादेश में नागरिकों के लिए विशेष संदेश

चीनी दूतावास ने बांग्लादेश में अपने नागरिकों को विदेशी पत्नी खरीदने से बचने और अवैध विवाह एजेंटों से दूर रहने की चेतावनी दी है। उन्होंने ऑनलाइन डेटिंग स्कैम से सतर्क रहने की सलाह दी और कानून का पालन करने पर जोर दिया। मानव तस्करी के बढ़ते मामलों के बीच यह कदम उठाया गया।

China News: पूर्व पीएम शेख हसीना के सत्ता से बेदखल होने के बाद से बांग्लादेश और चीन के संबंधों में काफी नज़दीकी आई है. लेकिन हाल ही में बांग्लादेश स्थित चीनी दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है, जिसमें बांग्लादेशी महिलाओं से रिश्ते बनाने और विवाह करने को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. रविवार की देर रात चीनी एंबेसी ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी किया जिसमें चीनी नागरिकों से कहा गया है कि वे विदेशी कानूनों का पूरी सख्ती से पालन करें.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चीन की तरफ से खासतौर पर अपने नागरिकों से अवैध विवाह एजेंटों से दूरी बनाए रखने और सोशल मीडिया या शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म पर फैलाई जा रही भ्रामक डेटिंग सामग्री से बचने की सलाह दी गई है. दूतावास ने यह भी कहा कि ‘विदेशी पत्नी खरीदने’ जैसे विचारों को सिरे से खारिज कर देना चाहिए और विदेश में विवाह करने से पहले गंभीरता से विचार करना चाहिए.

‘मैचमेकिंग सेवाएं नहीं दी जाएगी’

नोटिस में स्पष्ट किया गया कि चीन के कानून अनुसार कोई भी विवाह एजेंसी अंतरराष्ट्रीय विवाह की मैचमेकिंग सेवाएं नहीं दे सकती. साथ ही किसी को भी धोखाधड़ी या आर्थिक लाभ के लिए इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल होने की अनुमति नहीं है. इसके अलावा ऐसी गतिविधियों को छिपाना भी गैरकानूनी है.

एक बार फिर सताने लगा कोरोना का डर, चीन के इस गंदे खेल से दहशत में दुनिया

ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह

चीनी दूतावास ने अपने नागरिकों को सलाह दी है कि वे ऑनलाइन डेटिंग या रोमांस स्कैम से सतर्क रहें. दूतावास ने यह भी कहा कि इस प्रकार की ठगी का शिकार बनने पर तुरंत चीन के सार्वजनिक सुरक्षा विभाग को सूचना दें, जिससे उचित कानूनी सहायता मिल सके.

मानव तस्करी को लेकर चीन की चिंता

चीन की तरफ से हाल ही में मानव तस्करी के कई मामले सामने आने के बाद यह चेतावनी जारी की गई है. बांग्लादेश सरकार इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाए हुए है. दूतावास ने आगाह किया कि जो चीनी नागरिक अवैध सीमा पार विवाह में शामिल पाए जाएंगे, उन्हें तस्करी से जुड़े अपराधों के तहत गिरफ्तार किया जा सकता है, जिससे उन्हें गंभीर कानूनी संकट का सामना करना पड़ सकता है.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।