अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने जी-7 समूह देशों के नेताओं के साथ तनावपूर्ण रिश्तों के दावों को खारिज करते हुए रविवार को कहा कि उनके शिखर सम्मेलन में शामिल होने आए सभी नेताओं के साथ बेहतर रिश्ते हैं। श्री ट्रम्प ने ट्वीट किया,‘‘मेरे फ्रांस पहुंचने से पहले इस तरह की फर्जी और बेबुनियाद खबरें चलाईं जा रही थीं कि जी-7 समूह के अन्य छह देशों के साथ हमारे रिश्ते बहुत ही तनावपूर्ण हैं और दो दिनों तक चलने वाली बैठकों से कुछ हासिल नहीं होगा। वैसे हमारे बीच बहुत ही सार्थक बैठकें हो रही हैं और सभी नेताओं के साथ अच्छे रिश्ते हैं।’’
गौरतलब है कि जी-7 शिखर सम्मेलन की शुरुआत से पहले श्री ट्रम्प ने अमेरिकी कंपनियों पर लगाए जा रहे डिजिटल शुल्क के जवाब में फ्रांसीसी शराब पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की धमकी दी थी।

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने ट्वीट करके जी-7 शिखर सम्मेलन के पहले दिन फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रौं समेत विश्व के विभिन्न देशों के नेताओं के साथ सार्थक बातचीत होने की बात कही थी।
श्री ट्रम्प ने ट्वीट किया,‘‘फ्रांस और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रौं ने महत्वपूर्ण जी-7 शिखर सम्मेलन में अब तक बेहतर काम किया है। इमैनुएल के साथ लंच हमारे बीच अब तक की सबसे बेहतर मुलाकात रही। इसी प्रकार, शाम को विश्व के विभिन्न नेताओं के साथ हुई मुलाकात भी बहुत ही बेहतर रही।’’ फ्रांस के बारेट शहर में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन की शनिवार को औपचारिक शुरुआत हुई। जी-7 समूह में अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, जापान, कनाडा, इटली और फ्रांस शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



