बोरिस जॉनसन ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद के लिए अपना अभियान किया शुरू

Summary :

बोरिस जॉनसन ने ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री के रूप में टेरीजा मे का स्थान लेने के लिए बुधवार को अपना अभियान शुरू कर दिया। उन्होंने यह अभियान तब शुरू किया है

लंदन : बोरिस जॉनसन ने ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री के रूप में टेरीजा मे का स्थान लेने के लिए बुधवार को अपना अभियान शुरू कर दिया। उन्होंने यह अभियान तब शुरू किया है जब सांसद ‘‘बिना किसी समझौते’’ के यूरोपीय संघ से अलग होने से उन्हें और अन्य कट्टरपंथियों को रोकने के लिए प्रस्ताव पेश कर रहे हैं। 
पूर्व विदेश मंत्री, टेरीजा मे का स्थान लेने के लिए 10 उम्मीदवारों में से सबसे पसंदीदा नेता के रूप में उभरे हैं। टेरीजा मे ने निर्धारित समय पर यूरोपीय संघ को ब्रिटेन से अलग करने में नाकाम रहने पर इस्तीफा दे दिया। 
ब्रेक्जिट पर 2016 के जनमत संग्रह में अग्रणी रहे जॉनसन ने कहा, ‘‘तीन साल और दो बार समय सीमा बीतने के बाद हम 31 अक्टूबर को यूरोपीय संघ से अलग हो जाएंगे।’’ 
उन्होंने आगाह किया कि इसमें विफल होने से सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव अगले चुनाव में वामपंथी नेता जेरेमी कोर्बिन की लेबर पार्टी से हार जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘देरी का मतलब हार। देरी का मतलब कोर्बिन।’’ 
बहरहाल, कुछ कंजर्वेटिव्स का समर्थन पाने वाला विपक्षी दल संसद के निचले सदन हाऊस ऑफ कॉमन्स में एक प्रस्ताव ला रहा है जिसमें बिना किसी समझौते के यूरोपीय संघ से अलग होने की कोशिश को रोकने की मांग की गई है। 

Shera Rajput