China Chongqing Landslide: चीन के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से के चोंगकिंग शहर में आज यानी शुक्रवार को हुए बड़े भूस्खलन (लैंडस्लाइड) ने भारी तबाही मचा दी। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मिट्टी और चट्टानें नीचे आ गईं, जिससे कई रिहायशी इमारतें इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया। अब तक 1100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है, जबकि बचाव कार्य अभी भी जारी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 9:08 बजे चोंगकिंग के पेंगशुई काउंटी में हुआ। अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गया। मिट्टी और भारी चट्टानों के बहाव की वजह से आसपास की 10 से ज्यादा रिहायशी इमारतों पर इसका असर देखा गया। वहीं कई मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला गया
हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव टीमों को मौके पर भेजा गया। इस दौरान, मलबे में दबे करीब 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इसके अलावा, आसपास रहने वाले 1100 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। हालांकि प्रशासन ने बताया कि इलाके में अब भी सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। बचाव दल हर संभावित जगह पर मलबा हटाकर लोगों की तलाश में जुटा हुआ है।
लैंडस्लाइड के दौरान कई बिजली के खंभे भी गिर गए, जिससे इलाके का पॉवर सिस्टम भी बिगड़ गया ऐसे में किसी बड़े हादसे से बचने के लिए अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र के करीब एक किलोमीटर के दायरे में बिजली, पानी और गैस की सप्लाई अस्थायी रूप से बंद कर दी है। प्रशासन का कहना है कि जब तक क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक जरूरी सेवाओं को सावधानी के साथ बहाल किया जाएगा।
रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही दिक्कतें
रेस्क्यू ऑपरेशन में सबसे बड़ी चुनौती यह है कि पहाड़ी अभी भी पूरी तरह स्थिर नहीं हुई है। एक्सपर्ट ने चेतावनी दी है कि इलाके में एक और भूस्खलन होने का खतरा बना हुआ है। इसी वजह से बचाव दल को बेहद सावधानी के साथ काम करना पड़ रहा है। वहीं सामने आई, फोटो और वीडियो में देखा जा सकता है कि पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया है। कई जगहों पर विशाल चट्टानें मकानों के बेहद करीब पहुंच गई हैं। कुछ बहुमंजिला इमारतों को नुकसान जरूर पहुंचा है, लेकिन वे अभी भी खड़ी हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से पहाड़ी कमजोर हो गई थी। इसके बाद अचानक मिट्टी और चट्टानों का बड़ा हिस्सा खिसक गया। यह घटना वुजियांग नदी के पास हुई, जहां पहाड़ी इलाका और ढलान अधिक है। ऐसे क्षेत्रों में लगातार बारिश के दौरान भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है।
पीड़ितों की मदद के लिए भेजी राहत सामग्री
वहीं प्रशासन ने प्रभावित लोगों की मदद के लिए राहत सामग्री भेजने का काम कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, 8,000 से ज्यादा लोगों के लिए राहत सामग्री भेजी जा चुकी है। इसमें टेंट, फोल्डिंग बेड, जरूरी घरेलू सामान और परिवारों के लिए इमरजेंसी किट शामिल हैं। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है और उन्हें भोजन, रहने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।


Download Android App
Download iOS App




