चीन में कोविड महामारी से निपटने के लिए ‘‘जीरो टॉलरेंस’’ (कतई बर्दाश्त न करने) के कठोर रुख के बावजूद कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। चीन में सोमवार को पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 214 नए मामले आए, जिनमें से सबसे ज्यादा 69 मामले दक्षिणी गुआंगदोंग प्रांत में आए, जिसकी सीमा हांगकांग से लगती है। हांगकांग में हर दिन हजारों नए मामले आ रहे हैं। चीन में बीते 24 घंटे में 54 मामले जिलिन प्रांत में और 46 मामले पूर्वी शादोंडोंग प्रांत में आए।
चीन ने कोरोना के खिलाफ अपनाई ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति
देश के प्रधानमंत्री ली केकियांग ने शनिवार को सालाना रिपोर्ट में कहा कि चीन को ‘‘महामारी नियंत्रण को लेकर लगातार कदम उठाने’’ की आवश्यकता है लेकिन उन्होंने ऐसा कोई संकेत नहीं दिया कि बीजिंग ‘जीरो टॉलरेंस’ रणनीति में कोई ढील दे सकता है। ली ने टीके का विकास तेज करने और उन शहरों में ‘‘महामारी नियंत्रण मजबूत’’ करने का आह्वान किया जहां विदेश से यात्री और सामान आता है। बहरहाल, बीजिंग में संक्रमण का कोई नया मामला नहीं है और शहर में जनजीवन सामान्य हो गया है। हालांकि सार्वजनिक स्थानों में मास्क पहना जा रहा है।
कोरोना के मामलों में हुई वृद्धि
कोविड-19 संबंधी नियमों का असर धार्मिक स्थलों पर भी पड़ा है। बीजिंग के तीन मशहूर कैथोलिक गिरजाघरों ने रविवार को कहा कि उन्हें जनवरी में बंद करने का आदेश दिया गया था लेकिन इन्हें फिर से खोलने की कोई तारीख नहीं दी गयी है। महामारी का केंद्र रहे वुहान में 2019 में संक्रमण के शुरुआती मामले आने के बाद से ये नए मामले सबसे अधिक हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के अनुसार, इसके साथ ही चीन में कोविड-19 के कुल मामले 1,11,195 हो गए हैं और मृतकों की संख्या 4,636 पर पहुंच गयी है।


Download Android App
Download iOS App



