घातक कोरोना वायरस संक्रमण के कारण चीन में 143 और लोगों की मौत होने के साथ ही इससे मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 1,523 हो गई है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि देश में शुक्रवार को इस विषाणु के संक्रमण के कारण 143 लोगों की मौत हुई और 2,641 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
चीन में इस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 66,492 हो गई है। आयोग ने बातया कि इस संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित हुबेई प्रांत में शुक्रवार को 139 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा हेनान में दो और बीजिंग एवं चोंगक्विंग में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।
चीन सरकार ने हुबेई प्रांत को छोड़कर देश के अन्य हिस्सों में कोरोना वायरस संक्रमण के ‘‘लगातार कम होने’’ की बात शुक्रवार को रेखांकित की थी। इस बीच, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने इस बीमारी के उपचार एवं रोकथाम के लिए कृत्रिम मेधा और क्लाउड कम्प्युटिंग जैसी डिजिटल तकनीकों की मदद लिए जाने की अपील की। वुहान के अस्पतालों में सामग्रियां पहुंचाने और अन्य कार्यों में मदद के लिए रोबोट तैनात किए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



