लंदन : कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के सात दिन बाद ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स सोमवार को स्वयं के एकांतवास से बाहर आ गये। राजपरिवार के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। ब्रिटिश राजगद्दी के उत्तराधिकारी (71) पिछले सप्ताह राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (एनएचएस) में कोरोना वायरस परीक्षण कराने के बाद स्कॉटलैंड में शाही बालमोरल संपदा में पृथक रूप से रहने लगे थे।
उनके प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ क्लीयरेंस हाउस (राजपरिवार निवास) ने आज (सोमवार को) पुष्टि की कि डॉक्टरों के परामर्श के बाद प्रिंस ऑफ वेल्स अब स्वयं के एकांतवास से बाहर आ गये हैं। ’’ प्रिंस चार्ल्स की पत्नी कैमिला (72) उसी समय जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं पायी गयी थीं लेकिन तब से वह भी बालमोरल में अलग रह रही थीं।
इस शाही दंपत्ति ने पिछले सोमवार को मेडिकल जांच करायी थी। उससे पहले दोनों जेट विमान से स्कॉटलैंड पहुंचे थे और तब से ही वे वहां थे। तब क्लीयरेंस हाउस ने कहा था, ‘‘ यह पता लगाना संभव नहीं है कि प्रिंस को कैसे यह संक्रमण हुआ क्योंकि पिछले सप्ताहों में वह सार्वजनिक भूमिका को लेकर कई कार्यक्रमों में शामिल रहे थे। ’’


Download Android App
Download iOS App



