चीन में खतरनाक कोरोनावायरस से अब तक 80 लोगों की मौत हो चुकी है और 2,744 लोगों के इस वायरस से प्रभावित होने की पुष्टि हुई है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इलाज करा रहे लोगों में से 461 मरीजों की स्थिति ‘नाजुक’ है। इस वायरस को आधिकारिक तौर पर 2019-एनसीओवी कहा जा रहा है।
आयोग ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 769 नए मामलों की पुष्टि हो चुकी है। 3,806 नए संदिग्ध मामले सामने आ चुके हैं और 24 लोगों की मौत होने की खबर है। एक रिपोर्ट ने आयोग को उद्धृत करते हुए कहा कि रविवार को निमोनिया वाली स्थिति में 80 लोगों की मौत हो गई, जबकि 51 लोगों की हालत में इलाज के बाद सुधार हुआ है। इसके अलावा कुल 5,794 लोग संदिग्ध मरीज हैं।
आयोग ने बताया कि ऐसे कुल 32,799 लोगों का पता लगाया गया है जो इस कोरोनोवायरस से पीड़ित लोगों के संपर्क में थे। इनमें से 30,453 को चिकित्सीय निगरानी में रखा गया है जबकि 583 लोगों को रविवार को छुट्टी दे दी गई। तिब्बत को छोड़कर चीन के लगभग सभी प्रांतों से कोरोनावायरस के संक्रमण के मामले सामने आए हैं। स्थिति को देखते हुए चीन में नए साल की छुट्टियां तीन और दिन बढ़ा दी गई है ताकि लोग घरो से बाहर निकलने से बच सकें।


Download Android App
Download iOS App



