कोविड-19 : कोरोना का कहर जारी, इटली में कोरोना से 100 चिकित्सकों की मौत

Summary :

कोविड-19 के कारण दुनिया में सर्वाधिक 17,669 लोगों की मौत इटली में हुई है। इटली के मीडिया में आई खबरों के मुताबिक 30 नर्सें और नर्सिंग सहायकों की भी इस संक्रमण के कारण मौत हो गई

दुनियाभर में कोरोना का प्रकोप दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है। इस बीच, इटली में फरवरी में शुरू हुए कोरोना वायरस के प्रकोप के बाद से अब तक इस वैश्विक महामारी के कारण 100 चिकित्सकों की मौत हो चुकी है। इटली के स्वास्थ्य संगठन एफएनओएमसीईओ ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एफएनओएमसीईओ के प्रवक्ता के मुताबिक, ‘‘कोविड-19 के कारण 100 चिकित्सकों की जान गई दुर्भाग्य से शायद इस वक्त तक यह आंकड़ा 101 होगा।’’ संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले चिकित्सकों में वे सेवानिवृत्त चिकित्सक भी शामिल हैं जिन्हें सरकार ने एक महीने पहले कोरोना वायरस से लड़ाई में मदद के लिए बुलाना शुरू कर दिया था।
कोविड-19 के कारण दुनिया में सर्वाधिक 17,669 लोगों की मौत इटली में हुई है। इटली के मीडिया में आई खबरों के मुताबिक 30 नर्सें और नर्सिंग सहायकों की भी इस संक्रमण के कारण मौत हो गई। वहीं,  एफएनओएमसीईओ की वेबसाइट पर संगठन के अध्यक्ष फलिप्पो एनेली ने कहा कि अब भी चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों को वायरस के खिलाफ बिना किसी सुरक्षा के लड़ाई में उतारने देना न्यायोचित नहीं है। रोम के आईएसएस सार्वजिनक स्वास्थ्य संस्थान का अनुमान है कि इटली के संक्रमित लोगों में से दस फीसदी स्वास्थ्य देखभाल के क्षेत्र में काम करते हैं।
बता दें, दुनियाभर में कोरोना से अब तक कुल 1,502,618 लोगों इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं, जबकि 89,915 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, देश में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या, 5,865 तक पहुंच गई है, जबकि 169 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस वायरस से अबतक कुल 478 लोग ठीक भी हो चुके हैं।

Desk Team