हवाना : क्यूबा के हवाना में शुक्रवार को क्यूबाना एयरलाइंस का बोइंग 737 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, यह विमान रनवे पर टेक ऑफ करते समय दुर्घटना का शिकार हो गया। जिसमें 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों और क्यूबाई मीडिया का कहना है कि इस हादसे के बाद मलबे से निकाले गए तीन घायलों की हालत बेहद गंभीर है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूर्वी क्यूबा में होलगुइन के लिए उड़ान भरने वाला यह विमान उड़ान के भरने के चंद समय के बाद ही हवाना में सुबह 11 बजे (1500 GMT) दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में 104 से 105 लोग सवार थे, जिनमें पांच बच्चे और नौ विमान चालक दल के सदस्य भी शामिल थे।
क्यूबाना डि एविएश द्वारा संचालित बोइंग 737 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटनास्थल से धुंआ उठता नजर आया। यह विमान दुर्घटना और बाद में आग लगने से पूरी तरह नष्ट हो गया। अग्निशमनकर्मी और अन्य बचाव कर्मी बचाव कार्य में जुट गए थे।
मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि पांच यात्री और चालक दल विदेशी थे। राष्ट्रपति मिगुएल डायज-कैनेल ने कहा, ”इस हादसे में बड़ी संख्या में लोग मारे गए हैं।” राष्ट्रपति ने कहा कि दुर्घटना से विमान में आग लग गई थी और अधिकारी मृतकों की पहचान कर रहे हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन अधिकारी जांच कर रहे हैं।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यह क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



