विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच अगले अनौपचारिक शिखर बैठक के स्थान एवं तिथि तय करने के बारे में दोनों पक्ष राजनयिक चैनलों से सम्पर्क में हैं और इसे अंतिम रूप दिये जाने के बारे में ब्यौरा जारी किया जायेगा।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने भारत और चीन के बीच अगली अनौपचारिक शिखर बैठक के बारे में एक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ वुहान में पहली अनौपचारिेक शिखर बैठक में चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 2019 में होने वाली अनौपचारिक बैठक के लिये भारत आने का प्रधानमंत्री मोदी का आमंत्रण स्वीकार किया था।’’ उन्होंने कहा कि अनौपचारिक शिखर बैठक के स्थान एवं तिथि तय करने के बारे में दोनों पक्ष राजनयिक चैनलों से सम्पर्क में हैं।
उन्होंने कहा कि ब्यौरे को अंतिम रूप दिये जाने के बारे में आने वाले समय में इसकी जानकारी दी जायेगी । गौरतलब है कि एक समाचारपत्र में प्रकाशित खबर में कहा गया है कि भारत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच अगली अनौपचारिक बैठक 11 अक्तूबर को वाराणसी में आयोजित करने का प्रस्ताव किया है। गौरतलब है कि दोनों नेताओं के बीच पहली अनौपचारिक बैठक 27-28 अप्रैल 2018 में चीन के हुबई प्रांत के वुहान में हुई थी। दोनों नेताओं के बीच करीब 10 घंटे तक चर्चा हुई थी ।


Download Android App
Download iOS App



