फिजी के रक्षा अधिकारियों को भारत दे रहा है आधुनिक प्रशिक्षण

Summary :

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। फिजी के रक्षा अधिकारी अब भारत से रक्षा प्रशासन, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन और आधुनिक नेतृत्व का प्रशिक्षण लेंगे। यह अपनी तरह की एक बड़ी पहल है। इस पहल के तहत फिजी के अधिकारियों को रक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, प्रशासनिक फैसले लेने और संस्थागत क्षमता विकसित करने के गुर सिखाए जाएंगे। दरअसल भारत ने पहली बार फिजी के रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के लिए रक्षा प्रशासन और लोक प्रशासन में वैश्विक नेतृत्व कार्यक्रम शुरू किया है। यह पहल रक्षा मंत्रालय के रक्षा मुख्यालय प्रशिक्षण संस्थान (डीएचटीआई) के माध्यम से आयोजित की जा रही है। चार…

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। फिजी के रक्षा अधिकारी अब भारत से रक्षा प्रशासन, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन और आधुनिक नेतृत्व का प्रशिक्षण लेंगे। यह अपनी तरह की एक बड़ी पहल है। इस पहल के तहत फिजी के अधिकारियों को रक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, प्रशासनिक फैसले लेने और संस्थागत क्षमता विकसित करने के गुर सिखाए जाएंगे।

दरअसल भारत ने पहली बार फिजी के रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के लिए रक्षा प्रशासन और लोक प्रशासन में वैश्विक नेतृत्व कार्यक्रम शुरू किया है। यह पहल रक्षा मंत्रालय के रक्षा मुख्यालय प्रशिक्षण संस्थान (डीएचटीआई) के माध्यम से आयोजित की जा रही है।

चार सप्ताह के इस कार्यक्रम का पहला चरण 16 नवंबर से फिजी की राजधानी सुवा में आयोजित किया गया है। यह आयोजन यहां से 27 दिसंबर तक चलेगा। इसका उद्घाटन फिजी के रक्षा एवं पूर्व सैनिक मामलों के मंत्री पियो टिकोडुआदुआ ने किया।

उन्होंने भारत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे फिजी की संस्थागत क्षमता मजबूत होगी। कार्यक्रम में अधिकारियों को केवल प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी ही नहीं दी जा रही, बल्कि उन्हें रक्षा क्षेत्र की बदलती जरूरतों के अनुरूप नेतृत्व और प्रबंधन के लिए भी तैयार किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण में रक्षा खरीद, सुशासन, प्रशासनिक नैतिकता, प्रतिभा प्रबंधन, मानव संसाधन विकास और प्रशासनिक कानून जैसे विषय शामिल हैं।

इसके साथ ही नागरिक-केंद्रित प्रशासन, रक्षा क्षेत्र की लेखा परीक्षा व्यवस्था का आधुनिकीकरण और डिजिटल बदलाव में एआई के इस्तेमाल पर भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। रणनीतिक संवाद, उद्देश्य आधारित नेतृत्व और भावनात्मक समझ जैसे विषयों के जरिए अधिकारियों की नेतृत्व क्षमता को निखारने पर भी फोकस रहेगा। भारत के उच्चायुक्त सुनीत मेहता ने इस कार्यक्रम को दोनों देशों के बीच बढ़ती साझेदारी का प्रतीक बताया।

कार्यक्रम का दूसरा चरण वर्ष 2027 की पहली तिमाही में नई दिल्ली में आयोजित होगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, दो सप्ताह के इस चरण में फिजी के अधिकारियों को भारत में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस तरह भारत पहली बार अपने रक्षा प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से फिजी के अधिकारियों के लिए नेतृत्व और रक्षा प्रशासन का विशेष कार्यक्रम चला रहा है। यह पहल फिजी की रक्षा संस्थाओं को मजबूत बनाने के साथ दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को भी आगे बढ़ाएगी।

–आईएएनएस

जीसीबी/एसके

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.