रमला (इस्राइल) : भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद इस्राइल के पूर्व प्रधानमंत्री एहुद ओलमेर्त को आज पेरोल पर रिहा कर दिया गया। जेल की सजा काटने वाले देश के पहले पूर्व प्रधानमंत्री ओलमेर्त ने मध्य इस्राइल में मासीयाहू जेल से निकलने के बाद पत्रकारों से बातचीत नहीं की।
71 वर्षीय ओलमेर्त भ्रष्टाचार मामले में दोषी
वर्ष 2006 से 2009 तक प्रधानमंत्री रहे 71 वर्षीय ओलमेर्त को फरवरी 2016 में भ्रष्टाचार के मामले में दोषी ठहराया गया। उन्हें 27 महीने की जेल की सजा सुनाई गई थी। ओलमेर्त को बृहस्पतिवार को पेरोल बोर्ड ने जल्दी रिहा कर दिया और अभियोजकों ने इस फैसले के खिलाफ अपील नहीं की। पेरोल के बाद उनकी सजा एक तिहाई कम हो गई।
पुलिस द्वारा भ्रष्टाचार के लिए दोषी ठहराने की अनुशंसा के बाद उन्होंने सितंबर 2008 में इस्तीफा दे दिया था लेकिन दक्षिणपंथी नेता बेंजामिन नेतन्याहू के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने तक वह मार्च 2009 तक कार्यभार संभालते रहे। ओलमेर्त को वर्ष 2007 में अमेरिका में अन्नापोलिस सम्मेलन में फलस्तीन के साथ शांति प्रयासों को फिर से शुरू करने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय की ओर से प्रशंसा मिली थी लेकिन वह इसे आगे बढ़ाने में नाकाम रहे और उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लग गए।


Download Android App
Download iOS App



