बंगलादेश में वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर गार्मेंट मजदूरों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

Summary :

चीन के बाद दुनिया के दूसरे सबसे बड़े कपड़ा निर्यातक देश बांग्लादेश में महंगाई ने आम श्रमिकों की कमर तोड़ दी है। प्रदर्शनकारी मजदूरों का कहना है कि खाद्य पदार्थों, रसोई गैस और बिजली के बिल में भारी बढ़ोतरी के कारण मौजूदा वेतन में गुजारा करना नामुमकिन हो गया है।

Bangladesh Protest

Bangladesh Protest : बांग्लादेश में गारमेंट इंडस्ट्री के लाखों कर्मचारी न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं, जिससे राजधानी ढाका और आसपास के औद्योगिक इलाकों में भारी अशांति फैल गई है।

सरकार द्वारा नया वेज बोर्ड गठित करने के ऐलान के बावजूद गाजीपुर, मीरपुर और अशुलिया में सैकड़ों श्रमिकों ने सड़क जाम किया और गाड़ियों में तोड़फोड़ की। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले और स्टन ग्रेनेड छोड़ने पड़े। प्रदर्शनकारी मजदूर अपने वेतन को 13,000 टका से बढ़ाकर 30,000 टका (लगभग 22 हजार रुपए) करने की मांग कर रहे हैं।

बढ़ती महंगाई और श्रमिकों का गुस्सा

चीन के बाद दुनिया के दूसरे सबसे बड़े कपड़ा निर्यातक देश बांग्लादेश में महंगाई ने आम श्रमिकों की कमर तोड़ दी है। प्रदर्शनकारी मजदूरों का कहना है कि खाद्य पदार्थों, रसोई गैस और बिजली के बिल में भारी बढ़ोतरी के कारण मौजूदा वेतन में गुजारा करना नामुमकिन हो गया है।

श्रमिक नेताओं के अनुसार, सरकार द्वारा वेज बोर्ड का गठन किया जाना सराहनीय है, लेकिन तात्कालिक महंगाई और दैनिक खर्चों के समाधान के बिना आंदोलन पूरी तरह शांत नहीं हो रहा। अशुलिया और गाजीपुर के घने रिहाइशी इलाकों में पुलिस कार्रवाई के दौरान आंसू गैस छोड़े जाने से आम परिवारों और बच्चों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।

सरकार और उद्योग जगत की प्रतिक्रिया

हालात बिगड़ते देख गृह मंत्री सलाहउद्दीन अहमद ने उद्योगपतियों के साथ बैठक के बाद कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मजदूर आंदोलन की आड़ में गैर-कानूनी गतिविधियों और साजिशों में शामिल तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा।

वहीं दूसरी ओर, प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने कैबिनेट की आपात बैठक के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि श्रमिकों के अधिकारों का ध्यान रखा जाए और निर्यात उत्पादन निर्बाध रूप से जारी रहे। गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसियाशंस ने चेतावनी दी है कि लंबे समय तक चले इस असंतोष से अंतरराष्ट्रीय गारमेंट सप्लाई और शिपमेंट पर बुरा असर पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें – चीन-पेरू संबंधों के 55 साल, शी चिनफिंग और केइको फुजिमोरी ने दी बधाई

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।