नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के ग्रेटर बेंडिगो ने पहली बार भारतवंशी को अपना मेयर चुना है। इनका नाम अभिषेक अवस्थी है। इस अभूतपूर्व उपलब्धि की तारीफ भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने की है। ग्रीन ने इसे “ऑस्ट्रेलिया-भारत की कहानी में एक और प्रेरणादायक अध्याय” बताया।
ग्रीन का यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारतीय मूल के पार्षद अभिषेक अवस्थी को विक्टोरिया राज्य के एक शहर का मेयर चुना गया है।
ग्रीन ने एक्स पर लिखा, “ऑस्ट्रेलिया-भारत की कहानी में एक और प्रेरणादायक अध्याय! अभिषेक अवस्थी को बधाई, जो एक छात्र के रूप में हिमाचल प्रदेश से ऑस्ट्रेलिया आए थे और अब ग्रेटर बेंडिगो के भारतीय मूल के पहले मेयर बन गए हैं। यह इस बात को दर्शाता है कि कैसे भारतवंशी पूरे ऑस्ट्रेलिया में किस अपना योगदान दे रहे हैं।”
‘द ऑस्ट्रेलिया टुडे’ की रिपोर्ट के अनुसार, 9 नवंबर को बेंडिगो के ‘द कैपिटल’ थिएटर में हुए मेयर चुनाव को देखने के लिए लगभग 250 लोग इकट्ठा हुए थे। अवस्थी को उनके साथी पार्षदों ने 2026-27 के कार्यकाल के लिए ग्रेटर बेंडिगो का नेतृत्व करने हेतु चुना है।
अवस्थी ने अपने चुनाव को उन प्रवासियों के लिए एक “असाधारण क्षण” बताया, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया और बेंडिगो को अपना घर बना लिया है। उनका चुना जाना भारतीय-ऑस्ट्रेलियाई समुदाय के लिए विशेष महत्व रखता है; अवस्थी का सफर यह दिखाता है कि स्थानीय सरकार और नागरिक जीवन में प्रवासी ऑस्ट्रेलियाई लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के मंडी के रहने वाले अभिषेक अवस्थी, 2008 में एक अंतरराष्ट्रीय छात्र के रूप में ऑस्ट्रेलिया आए थे। उन्होंने ला ट्रोब यूनिवर्सिटी से बायोटेक्नोलॉजी और बायोइनफॉरमैटिक्स में परास्नातक डिग्री हासिल की।
2010 में बेंडिगो जाने के बाद, उन्होंने सामुदायिक संगठनों, स्वयंसेवा कार्यों और बहुसांस्कृतिक पहलों के लिए काम करना शुरू किया। ‘द ऑस्ट्रेलिया टुडे’ की रिपोर्ट के अनुसार, 2021 में अवस्थी ने ‘इंडियन एसोसिएशन ऑफ बेंडिगो’ की स्थापना की। इसका उद्देश्य सांस्कृतिक आयोजनों, धर्मार्थ कार्यों और सामुदायिक सहायता कार्यक्रमों के जरिए सेंट्रल विक्टोरिया में रहने वाले भारतीय परिवारों को एक साथ लाना था।
2024 में, अवस्थी ने केनिंग्टन वार्ड का चुनाव जीता। उन्होंने गैविन हिक्स को हराया और 58.86 प्रतिशत ‘फर्स्ट-प्रेफरेंस’ (पहली पसंद वाले) वोट हासिल किए। इसके बाद, वे 2024-2025 के कार्यकाल के लिए ग्रेटर बेंडिगो के पहले भारतीय मूल के डिप्टी मेयर बने। दो साल बाद, अब उन्हें ग्रेटर बेंडिगो का मेयर चुना गया है, जो उनके लिए एक और बड़ी उपलब्धि है।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



