अबू धाबी, 8 नवंबर (आईएएनएस)। ओमान सागर में एक मालवाहक जहाज में अज्ञात कारणों से आग लग गई। अमीरात समाचार एजेंसी ने रविवार को बताया कि घटना के बाद जहाज पर मौजूद सभी 22 चालक दल (क्रू) के सदस्यों को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) कोस्ट गार्ड ने सुरक्षित बचा लिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, बचाए गए सभी क्रू सदस्य अरब देशों के नागरिक थे। उन्हें प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) दिया गया और उनकी हालत स्थिर बताई गई। यह जानकारी यूएई नेशनल गार्ड के हवाले से दी गई।
रिपोर्ट में कहा गया कि बचाए गए लोगों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया।
बचाव अभियान उस समय तुरंत शुरू कर दिया गया, जब यूएई कोस्ट गार्ड को जहाज से संकट संदेश (डिस्ट्रेस कॉल) मिला, जिसमें बताया गया था कि जहाज पर आग लग गई है। हालांकि, आग लगने के कारण और जहाज को हुए नुकसान की सीमा के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।
इस बीच, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने रविवार तड़के दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट से एक ‘अनधिकृत मार्ग’ से गुजरने की कोशिश कर रहे दो तेल टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंगों (माइंस) से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गए।
आईआरजीसी के आधिकारिक समाचार प्लेटफॉर्म सेपाह न्यूज पर जारी बयान में कहा गया कि एक टैंकर जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में सुरंग से टकराया, जबकि दूसरा जलमार्ग पार करते समय हादसे का शिकार हुआ।
बयान के अनुसार, दोनों जहाजों ने अपने नेविगेशन और जीपीएस सिस्टम बंद कर दिए थे और विस्फोट के बाद उनमें आग लग गई।
आईआरजीसी ने चेतावनी दी कि जो भी जहाज अमेरिकी सेना के साथ सहयोग करेगा और ईरानी नियमों की अवहेलना करते हुए जलडमरूमध्य के ‘अनधिकृत क्षेत्र’ में प्रवेश करेगा, वह ‘निश्चित रूप से’ नौसैनिक सुरंगों से टकरा सकता है।
दूसरी ओर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि उसकी सेना ने गल्फ ऑफ ओमान में एक व्यावसायिक जहाज को निष्क्रिय कर दिया। सेंटकॉम के अनुसार, जहाज के नागरिक चालक दल ने कई बार दी गई चेतावनियों को नजरअंदाज किया और ईरान के खिलाफ लागू नौसैनिक नाकेबंदी का बार-बार उल्लंघन करने की कोशिश की।
अमेरिकी सेना ने कहा कि सेंट किट्स के झंडे वाले मालवाहक जहाज ‘एम/वी हुदा’ के पिछले हिस्से पर एक सैन्य विमान से सटीक हमला किया गया, जिससे जहाज काम लायक नहीं रहा।
सेंटकॉम ने यह भी दावा किया कि कार्रवाई से पहले चालक दल को निशाना बनाए गए हिस्सों को खाली करने का निर्देश दिया गया था। सेंटकॉम के मुताबिक, यह मालवाहक जहाज एक ईरानी बंदरगाह पर जाने के बाद क्षेत्रीय जलक्षेत्र से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था।
–आईएएनएस
एवाई/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



