कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव के सदस्यों ने हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा मामलों पर सहयोग को मजबूत करने का लिया संकल्प

Summary :

नई दिल्ली, 30 सितंबर (आईएएनएस)। भारत ने बुधवार को कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव (सीएससी) की नौवीं उप-राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) स्तरीय बैठक की वर्चुअली मेजबानी की, जिसमें सदस्य देशों ने हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा के अहम मुद्दों पर सहयोग को और मजबूत करने के अपने संकल्प को दोहराया। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, सीएससी की उप-राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तरीय बैठक में बांग्लादेश, मालदीव, मॉरीशस, श्रीलंका और सेशेल्स के प्रतिभागी शामिल हुए। सदस्य देशों के अधिकारियों ने 20 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित सीएससी की सातवीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तरीय बैठक में लिए गए फैसलों की समीक्षा की।…

नई दिल्ली, 30 सितंबर (आईएएनएस)। भारत ने बुधवार को कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव (सीएससी) की नौवीं उप-राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) स्तरीय बैठक की वर्चुअली मेजबानी की, जिसमें सदस्य देशों ने हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा के अहम मुद्दों पर सहयोग को और मजबूत करने के अपने संकल्प को दोहराया।

विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, सीएससी की उप-राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तरीय बैठक में बांग्लादेश, मालदीव, मॉरीशस, श्रीलंका और सेशेल्स के प्रतिभागी शामिल हुए।

सदस्य देशों के अधिकारियों ने 20 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित सीएससी की सातवीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तरीय बैठक में लिए गए फैसलों की समीक्षा की। उन्होंने सहयोग और गतिविधियों के रोडमैप (2025-2026) की भी समीक्षा की और सहयोग के पांच स्तंभों के तहत प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों के आयोजन में सदस्य देशों द्वारा की गई उल्लेखनीय प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “सदस्य देशों ने हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा के महत्वपूर्ण मामलों पर सहयोग को और मजबूत करने और मानवीय सहायता और आपदा राहत पर अपनी स्थायी साझेदारी जारी रखने के अपने संकल्प को दोहराया।”

बैठक में भारत के उप-राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (रणनीतिक मामले) पवन कपूर, बांग्लादेश के प्रधानमंत्री कार्यालय, सशस्त्र बल प्रभाग के महानिदेशक ब्रिगेडियर जनरल मुहम्मद अली हैदर सिद्दीकी, मालदीव के उप-राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मेजर जनरल हामिद शफीग (सेवानिवृत्त), मॉरीशस प्रधानमंत्री कार्यालय के कार्यवाहक प्रधान समन्वयक (सुरक्षा मामले) के जयप्रकाश, सेशेल्स के राष्ट्रपति के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जोएल मॉर्गन और श्रीलंका के रक्षा मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (रक्षा) पी. डी. इंदिका एल. विजेगुणवर्धने ने अपने-अपने प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व किया।

सीएससी सचिवालय का प्रतिनिधित्व सीएससी के महासचिव वाइस एडमिरल एस. एन. घोरमाडे (सेवानिवृत्त) ने किया, जिन्होंने कोलंबो में कार्यभार संभाला है।

कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव एक क्षेत्रीय सुरक्षा ढांचा है जिसका गठन 2020 में हिंद महासागर क्षेत्र के देशों के बीच साझा सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए किया गया था। भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र की वेबसाइट के अनुसार, सीएससी के सदस्य देश हैं: भारत, श्रीलंका, मालदीव, मॉरीशस, बांग्लादेश और सेशेल्स।

–आईएएनएस

केके/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.