वाशिंगटन, 29 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई (फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन) ने कुख्यात गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को 10 मोस्ट वांटेड अपराधियों की लिस्ट में शामिल किया है। उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी के लिए 10 लाख डॉलर तक का इनाम देने का ऐलान भी किया गया है।
एफबीआई के मुताबिक, गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप में अहम भूमिका निभाता है। एजेंसी ने कहा है कि यह ग्रुप अमेरिका और कनाडा में हत्या, वसूली और ड्रग्स तस्करी जैसी वारदातों में शामिल है। बराड़ अमेरिका में रहता है और उत्तरी अमेरिका में इस ग्रुप के ऑपरेशन को लीड करता है।
लॉस एंजिल्स की फेडरल कोर्ट में बराड़ पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिनमें रैकेटियरिंग की साजिश, वसूली की साजिश और ड्रग्स बांटने की साजिश शामिल है। ये सभी अभी आरोप हैं, इस मामले में उसे दोषी साबित नहीं किया गया है।
एफबीआई ने बराड़ को हथियारबंद, बेहद हिंसक और खतरनाक बताया है। एजेंसी के अनुसार वह कैलिफोर्निया और कनाडा के कुछ हिस्सों में रहता है और लोगों को उसके करीब न जाने की चेतावनी दी गई है।
उसे इस लिस्ट में शामिल करना उन अपराधों की जांच में एक बड़ा कदम है, जिनका भारतीय प्रवासियों पर खास तौर पर असर पड़ा है। एफबीआई ने कहा कि यह ग्रुप डर फैलाने के लिए गोलीबारी, किडनैपिंग, हमले और धमकियों का सहारा लेता है। ड्रग्स और हथियारों की तस्करी में भी यह ग्रुप शामिल है।
एफबीआई के मुताबिक, कनाडा सरकार ने सितंबर 2025 में बिश्नोई ग्रुप को आतंकवादी संगठन घोषित किया था। इस साल की शुरुआत में खोले गए तीन आरोपपत्रों में से एक में आरोप लगाया गया है कि बराड़ ने दुनियाभर में बिश्नोई ग्रुप की गतिविधियों को निर्देशित करने में मदद की। एफबीआई के अनुसार, बराड़ भारत की जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई की तरफ से बोलता था और दूसरे सदस्यों को निर्देश देता था।
जांचकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने 18 जून 2023 को कनाडा में रह रहे एक भारतीय राजनीतिक और धार्मिक व्यक्ति की हत्या का आदेश दिया था।
जांच में यह भी आरोप है कि ग्रुप के सदस्यों ने मार्च 2024 से जुलाई 2025 के बीच लॉस एंजिल्स इलाके में प्रतिद्वंद्वी ड्रग्स गैंग से करीब 520 किलो कोकीन चुराई थी।
यह ऐलान ऑपरेशन हार्डबॉल के बाद आया है, जिसके नतीजे 7 जुलाई को घोषित किए गए थे। तीन आरोपपत्रों में भारत के तीन ट्रांसनेशनल ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप से जुड़े 37 लोगों पर आरोप लगाए गए थे। उस समय 24 आरोपी गिरफ्तार हो चुके थे या पहले से हिरासत में थे।
एफबीआई ने बताया कि उसके बाद से चार और भगोड़े पकड़े गए हैं और एक मृत पाया गया है। गोल्डी बराड़ अभी भी इस ऑपरेशन में फरार चल रहे पांच आरोपियों में से एक है।
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस की डिप्टी कमिश्नर लिसा मोरलैंड ने कहा, “उसे एफबीआई की टॉप 10 मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल करना उसे पकड़ने के हमारे सामूहिक संकल्प को दिखाता है। आरसीएमपी गोल्डी बराड़ को न्याय के कटघरे में लाने के लिए एफबीआई के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
गोल्डी बराड़ एफबीआई की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल होने वाला 543वां व्यक्ति है। जानकारी देने वाला कोई भी व्यक्ति 1-800-कॉल-एफबीआई पर संपर्क कर सकता है या स्थानीय एफबीआई ऑफिस या नजदीकी अमेरिकी दूतावास से संपर्क कर सकता है। एजेंसी ने कहा है कि जानकारी गुमनाम रूप से भी दी जा सकती है।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



