Nepal Floods and landslides : नेपाल में भारी बारिश के बाद बाढ़ और लैंडस्लाइड ने भयंकर तबाही मचाई है। नेपाल पुलिस के 29 सितंबर के अपडेट के मुताबिक, देश भर में 35 लोगों की मौत हो चुकी है, 15 लोग घायल हैं और 2,695 लोगों का रेस्क्यू (Rescue) किया गया है।
इसके बाद 1 अक्टूबर को बागलुंग जिले में 27 सितंबर से लापता एक महिला का शव मिलने से वहां मौतों का आंकड़ा 13 तक पहुंच गया, जबकि मनांग में चार मौतें दर्ज हुईं। उधर, हिमलुंग हिमाल में एवलांच के बाद नेपाल नेशनल माउंटेन गाइड एसोसिएशन ने 1 अक्टूबर को चार और शव मिलने की पुष्टि की, जिससे हिमस्खलन में मरने वालों की संख्या 7 से बढ़कर 11 हो गई है। अभियान में शामिल 16 सपोर्ट वर्कर्स में से 5 अब भी लापता हैं।
चार दिनों में 542 हादसों की रिपोर्ट
नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी की 24 से 27 सितंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, इस अवधि में बारिश से जुड़ीं आपदा की 542 घटनाएं सामने आईं। इनमें 27 लोगों की जान गई, 4 लापता हुए, 8 घायल हुए और 1,082 परिवार सीधे तौर पर प्रभावित हुए।
आंकड़ों के अनुसार, अकेले लैंडस्लाइड के 304 मामले दर्ज हुए, जिसमें 20 मौतें, 4 लापता और 7 लोग घायल हुए। वहीं बाढ़ के 87 मामलों में 4 लोगों की मौत हुई और मूसलाधार बारिश की 151 अन्य घटनाओं में 3 मौतें और एक घायल दर्ज किया गया।
कई इलाकों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश
इन चार दिनों के दौरान 186 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। नवलपरासी ईस्ट के देधगांव में सर्वाधिक 544.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। कास्की के पंचासे में 500.2 मिमी और तनहुं के अत्रौलीटार में 472 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है और पर्वतीय रास्तों पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
यह भी पढ़ें – उत्तर कोरिया को शक्तिशाली देश बनाने में अग्रणी भूमिका निभाए विश्वविद्यालय : किम जोंग उन


Download Android App
Download iOS App



