Delhi News : दिल्ली में महिला छात्रों की सुरक्षा को लेकर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गुरुवार को बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में महिला छात्रों की सुरक्षा से जुड़े पहले दिए गए निर्देशों की प्रगति पर चर्चा हुई और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने समेत कई अहम कदमों पर जोर दिया गया। बैठक में दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार, स्पेशल सीपी नीरज ठाकुर और स्पेशल सीपी देवेश चंद्र श्रीवास्तव समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में महिला छात्रों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।
उपराज्यपाल ने फुट पेट्रोलिंग और पीसीआर गश्त को मजबूत करने पर जोर दिया। इसके लिए इलाकों में स्पष्ट रूप से बीट निर्धारित करने और संवेदनशील स्थानों पर नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की बात कही गई। छात्राओं की आवाजाही वाले स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा दिल्ली
विश्वविद्यालय के साथ संयुक्त सुरक्षा ऑडिट कराने पर जोर दिया गया। कॉलेजों के आसपास, छात्राओं के आने-जाने वाले मार्गों और सार्वजनिक परिवहन से जुड़े स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। खासतौर पर ट्रांजिट हब के आसपास मौजूद डार्क स्पॉट की पहचान कर उन्हें खत्म करने पर जोर दिया गया, ताकि छात्राओं को देर शाम और रात के समय आवाजाही में परेशानी न हो। बैठक में छेड़छाड़ और स्टॉकिंग के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को ऐसे मामलों में शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील तरीके से निपटने की दिशा में काम करने को कहा गया।


Download Android App
Download iOS App




