वाशिंगटन, 19 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका के फ्लोरिडा में भारतीय मूल की शिक्षिका पिया दांडिया ने डेमोक्रेटिक पार्टी का प्राइमरी चुनाव जीत लिया है। अब 3 नवंबर को होने वाले आम चुनाव में उनका मुकाबला रिपब्लिकन उम्मीदवार केसी अस्कर से होगा। ये सीट अमेरिका के हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स यानी निचले सदन में किस पार्टी का बहुमत होगा, इसे तय करने में अहम मानी जा रही है।
मंगलवार को हुए प्राइमरी में पिया दांडिया ने वकील कैसिया अर्ली को 61.3 फीसदी वोटों से हराया। जीत के बाद दांडिया ने कहा, “मैं बहुत खुश और सम्मानित महसूस कर रही हूं कि मुझे अपने गृह राज्य फ्लोरिडा से अमेरिकी कांग्रेस के लिए डेमोक्रेटिक उम्मीदवार चुना गया। वोटर्स, वॉलंटियर्स और जिन्होंने महीनों से हमारे अभियान पर भरोसा किया, उन सभी का दिल से धन्यवाद।”
उन्होंने कहा कि अब अभियान का अगला चैप्टर शुरू होगा। हम मेहनतकश परिवारों के लिए खड़े होंगे और फ्लोरिडा में एक जनसेवक का क्या मतलब होता है, उसकी नई परिभाषा लिखेंगे।
पिया दांडिया का जन्म और परवरिश फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में हुई। उनके माता-पिता भारत से हैं। उन्होंने करियर की शुरुआत एक टीचर के तौर पर की। 28 साल की उम्र में उन्होंने हार्लेम में एक हाईस्कूल की स्थापना की और देश की सबसे कम उम्र की प्रिंसिपल्स में से एक बनीं।
इस स्कूल के 86 फीसदी छात्र गरीब परिवारों से थे, फिर भी हर छात्र को कॉलेज में एडमिशन मिला। इसके बाद दांडिया व्हाइट हाउस फेलो के रूप में डोमेस्टिक पॉलिसी काउंसिल और शिक्षा विभाग में काम कर चुकी हैं। बाद में उन्होंने एप्पल में शिक्षा, स्वास्थ्य और राज्य सरकार से जुड़ी सार्वजनिक परियोजनाओं का नेतृत्व किया।
अगर वह नवंबर में जीत जाती हैं, तो वह फ्लोरिडा से अमेरिकी कांग्रेस में पहुंचने वाली पहली साउथ एशियन अमेरिकी बन जाएंगी।
अगर हम केसी अस्कर के बारे में बात करे तो, रिपब्लिकन प्राइमरी में कारोबारी और मरीन वेटरन केसी अस्कर ने 24 फीसदी वोटों के साथ जीत हासिल की। सात उम्मीदवारों की दौड़ में क्रिप्टोकरेंसी कारोबारी माइकल कार्बोनारा को 20.6 फीसदी और यूनिवर्सिटी प्रशासक बेलिंडा कैसर को 20.2 फीसदी वोट मिले।
ये फ्लोरिडा का 22वां कांग्रेसनल जिला है। इसमें ब्रॉवर्ड, पाम बीच, हेंड्री और कोलियर काउंटी के कुछ हिस्से आते हैं। डेमोक्रेट सांसद लोइस फ्रेंकल के पड़ोसी 23वें जिले से चुनाव लड़ने का फैसला करने के बाद ये सीट खाली हुई थी।
डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी (डीएनसी) के अध्यक्ष केन मार्टिन ने पिया दांडिया को बधाई दी और कहा, “एक शिक्षिका और समुदाय की लंबे समय से नेता के रूप में पिया ने अवसर बढ़ाने और मेहनतकश परिवारों के लिए लड़ने का काम किया है। वह कांग्रेस में जाकर दक्षिण फ्लोरिडा के परिवारों के लिए किराने, स्वास्थ्य और घर का खर्च कम करने के लिए लड़ेंगी। डीएनसी पिया को जिताने, ये सीट पलटने और नवंबर में हाउस में बहुमत वापस लाने के लिए तैयार है।”
पिया दांडिया का फोकस घरेलू खर्च कम करना, सभी बच्चों के लिए प्री-किंडरगार्टन, पब्लिक स्कूलों को मजबूत करना, वोकेशनल ट्रेनिंग बढ़ाना और सोशल सिक्योरिटी, मेडिकेयर व प्रजनन अधिकारों की रक्षा करना है।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक ये सीट रिपब्लिकन की तरफ झुकी हुई है। 2024 में डोनाल्ड ट्रंप ने इस नए जिले में 54.6 फीसदी वोट पाए थे, जबकि 4 साल पहले जो बाइडेन को 51 फीसदी वोट मिले थे। दोनों राष्ट्रीय पार्टियों ने इस सीट को प्राथमिकता वाली सीटों की सूची में रखा है।
बता दें कि अमेरिका की डेमोक्रेटिक पार्टी का प्राइमरी चुनाव वह आंतरिक प्रक्रिया है जिसके जरिए पार्टी यह तय करती है कि आगामी राष्ट्रपति या अन्य पदों के आम चुनाव में उनका आधिकारिक उम्मीदवार कौन होगा। इसमें पार्टी के सदस्य या पंजीकृत मतदाता अपने पसंदीदा नेता को चुनते हैं।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



