क्वेटा, 15 नवंबर (आईएएनएस)। बलूचिस्तान विधानसभा के अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े सदस्यों अशोक कुमार और संजय कुमार ने लापता हिंदू लड़की बिंदिया कुमारी को लेकर सदन में प्रदर्शन किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बिंदिया का कथित तौर पर सिबी क्षेत्र से अपहरण हुआ था और अभी तक उसका पता नहीं चला है।
‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों विधायकों ने इससे पहले भी विधानसभा में बिंदिया कुमारी के कथित अपहरण और उसे सिंध ले जाने का मुद्दा उठाया था। उनका कहना है कि बिंदिया कुमारी का जबरन धर्म परिवर्तन कराकर उसकी शादी कराई गई है।
सत्र के दौरान अशोक कुमार और संजय कुमार ने बिंदिया कुमारी के अब तक लापता रहने पर चिंता जताई और उसकी जल्द बरामदगी की मांग की।
विरोध जताने के लिए दोनों विधायक स्पीकर के मंच के सामने फर्श पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। बाद में विधानसभा के अन्य सदस्यों के हस्तक्षेप के बाद उन्होंने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया और अपनी सीटों पर लौट गए।
‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, बीएनपी-अवामी के विधायक असद बलूच ने भी हिंदू लड़की के कथित अपहरण पर चिंता व्यक्त की और इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
इससे पहले तीन नवंबर को अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए काम करने वाले एक प्रमुख संगठन ने पाकिस्तान में एक नाबालिग हिंदू लड़की के कथित अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और शादी के मामले पर गंभीर चिंता जताई थी।
संगठन ने कहा था कि देश में अल्पसंख्यक बच्चों के खिलाफ बढ़ती घटनाएं उनकी सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े करती हैं।
‘वॉइस ऑफ पाकिस्तान माइनॉरिटी’ (वीओपीएम) के अनुसार, 14 वर्षीय बिंदिया कुमारी नौवीं कक्षा की छात्रा है। पढ़ाई की उम्र में वह अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और बाल विवाह जैसे मामलों के बीच फंसी है। अधिकार संगठन का कहना है कि यह मामला अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर पाकिस्तान के दावों और जमीनी हकीकत के बीच के अंतर को उजागर करता है। बिंदिया का परिवार लगातार मदद की मांग कर रहा है, जबकि विधायक भी अधिकारियों की निष्क्रियता पर सवाल उठा रहे हैं।
संगठन ने अल्पसंख्यक प्रतिनिधियों के हवाले से कहा कि बिंदिया का कथित रूप से सिबी से अपहरण किया गया और उसे सिंध ले जाया गया, जहां उसका धर्म परिवर्तन और विवाह कराया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, यह प्रक्रिया मियां अब्दुल हक, जिन्हें ‘मियां मिठू’ के नाम से भी जाना जाता है, से जुड़े लोगों की मदद से कराई गई।
वीओपीएम ने अपने बयान में कहा, “सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है। लेकिन निष्पक्षता का मतलब चुप रहना नहीं होता और जांच को कभी भी किसी बच्चे को सुरक्षा से वंचित रखने का बहाना नहीं बनाया जाना चाहिए।”
–आईएएनएस
एवाई/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



