पनामा में भूकंप के बाद आपातकाल घोषित, राहत कार्यों में तेजी के ल‍िए सरकार ने ल‍िया फैसला

Summary :

पनामा सिटी, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। पनामा ने 9 अक्टूबर को आए शक्तिशाली भूकंप के बाद राहत और बचाव कार्यों को तेज करने तथा प्रभावित समुदायों की मदद के लिए देश में आपातकाल घोषित कर दिया है। राष्ट्रपति मंत्रालय के मंत्री जुआन कार्लोस ओरिलाक ने शनिवार (स्थानीय समयानुसार) राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस घोषणा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी एजेंसियां हर समय तैयार रहें और प्रभावित लोगों की मदद के लिए उनके पास जरूरी संसाधन उपलब्ध हों। स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ओरिलाक ने कहा कि राष्ट्रपति होसे राउल मुलिनो…

पनामा सिटी, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। पनामा ने 9 अक्टूबर को आए शक्तिशाली भूकंप के बाद राहत और बचाव कार्यों को तेज करने तथा प्रभावित समुदायों की मदद के लिए देश में आपातकाल घोषित कर दिया है।

राष्ट्रपति मंत्रालय के मंत्री जुआन कार्लोस ओरिलाक ने शनिवार (स्थानीय समयानुसार) राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस घोषणा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी एजेंसियां हर समय तैयार रहें और प्रभावित लोगों की मदद के लिए उनके पास जरूरी संसाधन उपलब्ध हों।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ओरिलाक ने कहा कि राष्ट्रपति होसे राउल मुलिनो ने राहत कार्यों के समन्वय, संसाधनों के प्रबंधन और प्रभावित इलाकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक विशेष आयोग बनाने का निर्देश दिया है।

उन्होंने बताया कि सरकार ने लोगों से सहायता सामग्री जुटाने के लिए कई दान संग्रह केंद्र भी बनाए हैं। राजधानी पनामा सिटी के ओमार पार्क में एक प्रमुख संग्रह केंद्र स्थापित किया गया है, जबकि प्रांतीय सरकारी कार्यालयों को भी अतिरिक्त संग्रह केंद्र के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।

शुक्रवार दोपहर स्थानीय समयानुसार 12:56 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता 7.5 मापी गई। इसका केंद्र लोस सैंटोस प्रांत के टोनोसी शहर से लगभग 39 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित था। भूकंप के कारण देश के कई हिस्सों में घरों, स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों, सड़कों और सरकारी इमारतों को नुकसान पहुंचा है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में एल्ब्रुक बस टर्मिनल की छत हिलती हुई दिखाई दी, जबकि कई इमारतों की खिड़कियां भी जोर-जोर से कांपती नजर आईं।

समाचार एजेंसी स‍िन्हुआ के संवाददाता के अनुसार, राजधानी पनामा सिटी में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। उन्होंने बताया कि बैठे हुए लोगों को इमारतों के एक तरफ से दूसरी तरफ जोरदार कंपन महसूस हुआ। फिलहाल पनामा की आपदा प्रबंधन और अन्य सरकारी एजेंसियां नुकसान का आकलन कर रही हैं और राहत कार्यों का समन्वय कर रही हैं।

इससे पहले शनिवार को भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भूकंप के बाद पनामा की सरकार और वहां के लोगों के प्रति एकजुटता जताई। जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “पनामा में आए भूकंप के बाद भारत वहां की सरकार और जनता के साथ खड़ा है। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी घायल और प्रभावित लोगों के साथ हैं, खासकर उन परिवारों के साथ जिन्होंने अपने प्रियजनों या आजीविका का नुकसान झेला है।”

–आईएएनएस

एवाई/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.